फ्रांस में रहते दोस्त के पास जाने से रोकने पर युवती ने खाया जहर, मौत

punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2020 - 03:12 PM (IST)

नवांशहर (त्रिपाठी): फ्रांस में रहने वाले दोस्त के पास जाने की इच्छुक युवती को दोस्त के परिवार की ओर से जाने से रोकने तथा धमकाने के चलते जहरीली वस्तु निगल कर आत्महत्या करने के आरोप में पुलिस ने दोस्त, उसके भाई-भाभी तथा माता सहित 5 लोगों के खिलाफ आत्महत्या को मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। थाना काठगढ़ की पुलिस को दी शिकायत में मृतका के भाई ने बताया कि वे 3 भाई-बहन हैं जिसमें सबसे छोटी बहन है। उसके पिता मजदूरी करते हैं जबकि माता गृहिणी है। उसकी 25 वर्षीय बहन की करीब 5 वर्ष पहले शादी हुई थी परन्तु उसकी पति तथा ससुराल परिवार से अनबन रहने से पंचायती तौर पर तलाक हो गया था। तलाक के उपरान्त उसकी बहन उनके साथ ही रहती थी। 

उसने बताया कि उसकी बहन मलेशिया गई थी जहां 3 महीने रहने के उपरान्त वह गत जनवरी में वापस आई थी। शिकायतकर्त्ता ने बताया कि उसकी बहन ने उसे बताया कि फ्रांस में रहने वाले विजय ने उसके फ्रांस में जाने के पूरे दस्तावेज तैयार किए हैं तथा खर्चा भी उसने स्वयं करना है जिसके चलते वह फ्रांस जाना चाहती है। उसने बताया कि उसने विजय के साथ फ्रांस में फोन पर बात करके उसे इस तरह न करने के लिए कहा परन्तु उसने कहा कि फ्रांस आने का सारा पैसा उसने खर्च करना है। वह उसे फ्रांस में भेज दे नहीं तो वह कुछ भी कर सकती है। उसने विजय के घर पर जाकर उसके परिजनों से भी बात की कि वे अपने लड़के को समझाएं। उसने बताया कि उक्त युवक के परिवार के सदस्य उनके घर आए तथा युवक की भाभी ने उसकी बहन को धमकी दी कि उसके पति ने कुछ खाकर उनके सारे परिवार पर दोष लगाना है।

शिकायतकर्त्ता ने बताया कि गत 3 जून को वे सभी अपने-अपने काम पर चले गए थे जबकि उसकी माता एक धार्मिक स्थान पर गई थी जबकि उसका भतीजा-भतीजी तथा बहन घर पर थे। जब उसकी माता वापस घर आई तो उसकी बहन बिस्तर पर लेटी हुई थी तथा उसके मुंह से झाग निकल रही थी जिससे पता चलता था कि उसने कोई जहरीली वस्तु निगल ली है। उन्होंने उसको एक अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया जहां अगले दिन उसकी मौत हो गई।

क्या कहना है एस.एच.ओ. परमिन्द्र सिंह का
जब इस संबंध में थाने के एस.एच.ओ. परमिन्द्र सिंह से बात की तो उन्होंने बताया कि मृतक युवती की करीब 4-5 वर्ष पहले फ्रांस में रहने वाले युवक से दोस्ती हुई थी। उसके कहने पर ही उक्त युवती उसके पास जाना चाहती थी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मृतका के भाई के बयानों के आधार पर मृतका के दोस्त, उसकी माता, भाई-भाभी तथा एक अन्य युवक सहित 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
 

Mohit