लिफ्ट देना युवक को पड़ा भारी, ब्रेजा कार लेकर महिला फरार... बैंक अकाउंट भी कर गई खाली!

punjabkesari.in Wednesday, Sep 30, 2026 - 11:00 AM (IST)

जीरकपुर (कुमार) : जीरकपुर के लोहगढ़ ट्रैफिक लाइट पर लिफ्ट देना रायपुर रानी निवासी अनिल कुमार को महंगा पड़ गया। आरोप है कि महिला के साथियों ने कार में घुसकर उसके साथ मारपीट की और उसे बंधक बनाकर 27 हजार रुपए ऐंठ लिए। इसके बाद आरोपी उसकी ब्रेजा कार लेकर अंबाला की तरफ फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर महिला सहित 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में शिकायतकर्ता अनिल कुमार ने बताया कि बीती 28 सितंबर की रात करीब साढ़े 10 बजे वह अपनी कार से लोहगढ़ ट्रैफिक लाइट के पास पहुंचा तो वहां एक महिला ने खुद को प्रीतम कौर उर्फ गुरप्रीत कौर बताते हुए सिग्मा चौक तक छोड़ने की गुहार लगाई। महिला की बातों पर भरोसा कर उसने उसे कार में बैठा लिया। रास्ते में नरूला बेकरी के पास से खाने-पीने का सामान भी लिया। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वह महिला को सिग्मा सिटी चौक छोड़ने जा रहा था, तभी 2 युवक अचानक कार की पिछली सीट पर आकर बैठ गए। एक युवक ने उस पर अपनी पत्नी के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए उसे धमकाना शुरू कर दिया। जिसके बाद दोनों युवकों ने उसके साथ मारपीट की और एक युवक ड्राइविंग सीट पर बैठ गया। इसके बाद आरोपी उसे जबरन राजपुरा की तरफ ले गए और उसके साथ लूट की और फरार हो गए।

खाते से 20 हजार रुपए ट्रांसफर करवाए

शिकायकर्ता अनिल कुमार ने बताया के आरोपियों ने उसकी जेब से 7 हजार रुपए कैश निकाल लिए। इसके बाद महिला ने उसका मोबाइल लेकर गूगल पे का पासवर्ड मांगा। विरोध करने पर उसे झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दी। जिस के चलते डर के कारण पासवर्ड बताने पर महिला ने उसके खाते से 20 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिए और बाद में आरोपियों ने उसे पटियाला चौक के पास कार से नीचे उतार दिया और उसकी ब्रेजा कार लेकर फरार हो गए। जिसकी शिकायत उसने पुलिस को दी, जांच अधिकारी हरविंदर सिंह जटाना ने बताया कि प्रीतम कौर उर्फ गुरप्रीत कौर, खान, स्नेहा, लवली शर्मा और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। 

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News