पंचायत सदस्यों से तंग आकर महिला ने की खुदकुशी, मरने से पहले वीडियो बना बताई दास्तां

punjabkesari.in Friday, Jul 17, 2020 - 08:51 PM (IST)

फगवाड़ाः जालंधर के पास नकोदर शहर के एक गांव में एक वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद 40 वर्षीय महिला ने खुदकुशी कर ली। इसमें उसने आरोप लगाया कि पंचायत के कुछ सदस्यों ने उसे यह कदम उठाने के लिए मजबूर कर दिया। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि यह घटना नकोदर के पास बजुहा कलां गांव में बृहस्पतिवार को शाम के समय हुई। नकोदर सदर के थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मृतका की पहचान रजनी के तौर पर हुई है। घटना के पहले उसने एक वीडियो बनाकर बताया कि वह ऐसा कदम क्यों उठा रही है। वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस को मामले का पता चला। पुलिस जब गांव पहुंची तो पता चला कि महिला पहले ही फंदे से लटककर खुदकुशी कर चुकी है। 

उन्होंने कहा कि वीडियो में महिला ने आरोप लगाया कि चार लोगों के कारण वह ऐसा कदम उठाने जा रही है। इन लोगों के साथ महिला का कुछ विवाद चल रहा था। थाना प्रभारी ने कहा, ‘‘वीडियो में रजनी ने कहा कि पंचायत के कुछ सदस्यों ने उसे ऐसा करने के लिए मजबूर कर दिया और खुदकुशी के अलावा उसके पास कोई रास्ता नहीं है।'' महिला की मौत का पता चलने के बाद परिवार और अन्य रिश्तेदार समेत कई लोगों ने शुक्रवार को नकोदर थाने के बाहर प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव को लेने से मना कर दिया। पुलिस ने बताया कि भादंसं की धारा 306 (खुदकुशी के लिए उकसाने) के तहत एक महिला सरपंच समेत चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने पर प्रदर्शनकारी मान गए। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Mohit

Recommended News

Related News