जालंधर कमिश्नरेट पुलिस का सराहनीय काम, 2000 मजदूरों को मिलेगा उनका वेतन

punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2020 - 08:27 PM (IST)

जालंधर (सुधीर): जालंधर कमिश्नरेट पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में पुलिस ने आज 45 फैक्ट्रियों में काम करने वाले लगभग 2000 मजदूरों को 95 लाख रुपए के वेतन का भुगतान सुनिश्चित करके बड़ी राहत प्रदान की। कर्फ्यू के कारण लैदर काम्प्लैक्स और सर्जिकल काम्प्लैक्स में फैक्ट्रियों में काम करने वाले इन मजदूरों को अपने जीवनयापन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस संबंध में सूचना मिलने पर पुलिस कमिश्नर ने फैक्टरी मालिकों से बात की और उन्हें इन मजदूरों के वेतन का भुगतान करने को कहा। इस पर उद्योगपतियों ने सहमति व्यक्त की। 

कमिश्नरेट पुलिस द्वारा फैक्ट्रियों के प्रतिनिधियों को 3 घंटे के भीतर मजदूरों के वेतन भुगतान के लिए 701 ई-पास जारी किए गए और साथ ही वेतन वितरण के दौरान सामाजिक दूरी बनाए रखने की भी अपील की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार लैदर काम्प्लैक्स की 10 फैक्ट्रियों के 1000 मजदूरों और सर्जिकल काम्प्लैक्स के 35 फैक्ट्रियों के 1000 अन्य मजदूरों को क्रमश: 50 लाख और 45 लाख रुपए का भुगतान सुनिश्चित करवाया गया है।

Mohit