Gangster सुखा ने Gun Point पर युवक को किया kidnap, कैमरे में कैद हुआ पूरा मंजर

punjabkesari.in Wednesday, Apr 06, 2022 - 11:26 AM (IST)

लुधियाना: शहर के नामी गैंगस्टर सुखा बाड़ेवालियां ने अपने पांच साथियों के साथ गन-प्वाइंट पर देर रात एक युवक को किडनैप कर लिया। उससे फिरौती मांगी और उसे कार के अंदर ही कई घंटों तक घुमाते रहे। बाड़ेवाल के निकट, जब आरोपियों की कार कुछ धीमी हुई तो युवक मौका पाकर बाहर निकल गया और भाग गया। आरोपियोंने उसका पीछा किया मगर वह गलियों से होते हुए थाना सराभा नगर में पहुंच गया।

पुलिस को पता चलने के बाद ए.डी.सी.पी., ए.सी.पी. सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आरोपियों की तलाश की, मगर उन्हें कोई नहीं मिला। फिलहाल पुलिस ने चंदन की शिकायत पर गैंगस्टर सुखे बाड़ेवालिया सहित छह लोगों के खिलाफ अपहरण, फिरौती मांगने और आर्म एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक वारदात सोमवार देर रात की है। इंद्रापुरी का रहने वाला चंदन (30) फ्री-लांस इंश्योरेंस एजेंट है। जिस पर पहले एन.डी.पी.एस. एक्ट का केस भी दर्ज है। जोकि गैंगस्टर सुखा बाड़ेवालियां को जानता है। चंदन ने पुलिस शिकायत में बताया कि वह रात को अपने घर जा रहा था।

सराभा नगर इलाके में दो कारों ने उसे घेर लिया। जिसमें एक कार के अंदर सुखा था और बाकी उसके पांच साथी थे, जिन्होंने गन प्वाइंट पर उसे जबरन कार में बिठा लिया। इसके बाद सुखा उससे 50 हजार रुपए की मांग करने लग गया। उसने कहा कि उसके पास पैसे नहीं है, तो उसने कार के अंदर ही उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। वह कार बाड़ेवाल इलाके में ले गए। ऐसे ही कुछ समय तक आरोपी उसे कार में ही घुमाते रहे। जब थोड़ी से कार की गति धीमी हुई तो उसने मौका देखकर चलती कार से बाहर छलांग लगा दी और पास ही स्थित गली के अंदर भाग गया। आरोपी उसके पीछे कार लेकर आए। मगर वह किसी तरह बच कर थाना सराभा नगर में पहुंच गया था।उधर, ए.सी.पी. (वेस्ट) तलविंदर सिंह का कहना है कि शिकायतकर्त्ता चंदन, आरोपी सुखा को पहले से जानता था। फिलहाल उसके बयानों पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पहले भी कई केस दर्ज है सुखा बाड़ेवालियां पर
सुखे बाड़ेवालियां पर पहले भी कई केस दर्ज है। पक्खोवाल रोड स्थित एक कांग्रेसी नेता के पास सुखे का काफी आना जाना था। सुखा, हत्या के प्रयास, आर्म एक्ट और एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत कई मामलों में जेल की हवा खा चुका है। पता चला है कि चंदन की मुलाकात सुखा के साथ जेल के अंदर ही हुई थी। अब उनके आपस में क्या रंजिश है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।

 

Content Writer

Vatika