किसानों के लिए मिसाल बना युवक, पराली का इस तरह किया इस्तेमाल

punjabkesari.in Friday, Nov 10, 2023 - 04:39 PM (IST)

पंजाब डैस्कः एक तरफ जहां किसानों द्वारा पराली को आग लगा कर वातावरण को प्रदूषित किया जा रहा है, वहीं पंजाब के संगरूर-बरनाला के शेरपुर ब्लॉक के कातरों गांव से एक ऐसा युवक सामने आया है जो पिछले 3 साल से पराली से भूसा (तूड़ी) बनाकर अपनी आजीविका कमा रहा है। अक्सर खान नाम के इस मजदूर की मेहनत को सलाम है। धूरी के एस.डी.एम. अमित गुप्ता व डी.एस.पी तलविंदर सिंह गिल भी इस मजदूर का हौसला बढ़ाने के लिए यहां पहुंचे। उन्होंने पंजाब के सभी किसानों को इस मजदूर की हिम्मत से सबक लेने को कहा है। उन्होंने कहा कि लगातार कड़ी मेहनत और लगन से आर्थिक मजबूती तो आती ही है, जीवन में चुनौतियों का डटकर मुकाबला करने की ताकत भी मिलती है।

डिप्टी कमीश्नर जोरवाल के निर्देश पर एस.डी.एम. अमित गुप्ता व डी.एस.पी तलविंदर सिंह गिल के नेतृत्व में कृषि विकास अधिकारी नरिंदरपाल सिंह और अन्य अधिकारी उपमंडल के अंतर्गत आने वाले गांवों में पराली प्रबंधन से जुड़े प्रगतिशील किसानों को प्रोत्साहित कर रहे हैं। एस.डी.एम. अमित गुप्ता ने बताया कि अक्सर खान ने अपने मेहनती स्वभाव के कारण अपना पैडी स्ट्रॉ चॉपर ले लिया है और चालू सीजन में लगभग 70 एकड़ क्षेत्र में पराली से भूसा बनाया है।

उन्होंने कहा कि अक्सर खान की तरह सब-डिवीजन धूरी में कई किसान या अन्य मेहनती कर्मचारी हैं, जो पराली प्रबंधन में इसी तरह के कार्यों में तेजी से सहयोग कर रहे हैं, जिसके लिए जिला प्रशासन उनका आभारी है। पराली को जलाने की बजाय तूड़ी बनाने, सी.एन.जी., कार्डबोर्ड निर्माण या ऐसे अन्य तरीकों को संभालने की जरूरत है ताकि पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाया जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Sunita sarangal