महिलाओं के कपड़े पहन बच्चा उठाने आए युवक, पकड़े जाने पर लोगों ने की जमकर पिटाई

punjabkesari.in Monday, Aug 26, 2019 - 03:55 PM (IST)

लुधियाना: पंजाब इन दिनों बच्चे उठाने वाला गिरोह सरगर्म है जिस कारण लोगों में दहशत फैली हुई है। लुधियाना में जन्माष्टमी के दिन बच्चा उठाने की कोशिश को नाकाम करते हुए लोगों ने तीन युवकों की जमकर पिटाई की। हालांकि इनमें से दो तो पुलिस के पहुंचने से पहले ही भागने में कामयाब रहे, परंतु महिलाओं के कपड़े पहने एक युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया। 

पुरुषों ने पहने हुए थे महिलाओं के कपड़े
जानकारी के अनुसार शहीद भगत सिंह नगर के एक मंदिर में जन्माष्टमी उत्सव चल रहा था। लोगों का आना-जाना लगा हुआ था कि इसी दौरान एक महिला समेत तीन व्यक्ति आए। महिला ने अंधेरे में एक बच्चे को पकड़ लिया, जिसके बाद बच्चा जोर-जोर से चिल्लाने लगा। लोगों ने पीछा किया तथा मौके पर तैनात पुलिस कर्मी भी भागे। इस दौरान दो व्यक्ति तो भागने में कामयाब रहे, जबकि महिला को लोगों ने पकड़ लिया। जब पता चला कि वह महिला नहीं, बल्कि पुरुष है तो उसकी  जमकर पिटाई की गई। पुलिस ने घायल अवस्था में आरोपी को अस्पताल में भर्ती करवाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

Vaneet