पड़ोसी के घर बेहोश मिला युवक, इलाज के दौरान मौ/त; पुलिस जांच में जुटी

punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2026 - 05:28 PM (IST)

अबोहर (सुनील भारद्वाज): स्थानीय मोहल्ला राजीव नगर में एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ोसी के घर में बेहोशी की हालत में मिला था। गंभीर चोटों के कारण उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां बाद में उसे बठिंडा स्थित एम्स अस्पताल रेफर किया गया। जहां पांच दिन तक उपचार के बाद गत दिवस उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने पड़ोसी युवक पर हत्या के कथित आरोप लगाए हैं।

वहीं नगर थाना नं-2 की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार राजीव नगर निवासी 27 वर्षीय सूरज पुत्र गुरमेल 21 जुलाई की शाम अपने चार वर्षीय बेटे के साथ घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

मृतक के पिता गुरमेल ने बताया कि रात करीब साढ़े तीन बजे पड़ोस में रहने वाले माही ने उन्हें सूचना दी कि सूरज उसके घर में बेहोश पड़ा है। जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि उनका चार वर्षीय पोता अपने पिता के पास सो रहा था, जबकि सूरज अचेत अवस्था में पड़ा था। उसके सिर, चेहरे और आंख के पास चोटों के निशान थे।

परिजन तुरंत उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बठिंडा स्थित एम्स अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पांच दिन तक उपचार के पश्चात गत दिवस सुबह उसकी मौत हो गई। गुरमेल का कथित आरोप है कि उसके बेटे के सिर पर गंभीर चोटें लगी थीं। जिससे दिमाग पर गहरा असर हुआ और उसे होश नहीं आया। उन्होंने पड़ोसी पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

नगर थाना नं-2 के प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कानूनी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News