मर्दाना कमजोरी की वजह से नहीं करना चाहता था शादी, परिवार के 5 लोगों की हत्या के बाद खुद को मारी गोली

punjabkesari.in Saturday, Aug 03, 2019 - 02:42 PM (IST)

मोगाः पंजाब के मोगा में एक युवक ने अपने ही परिवार के पांच लोगों की गोली मार कर हत्या कर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक युवक के परिवार वाले उसकी जबरदस्ती शादी करवाना चाहते थे, जबकि वह मर्दाना कमजोरी के कारण इनकार कर रहा था। मौके से मिले सुसाइड नोट से पांच हत्याओं और युवक के खुद को गोली मारने की पुष्टि हुई है।
 

जानकारी के मुताबिक मोगा के नत्थूवाला के गांव गरबी में 6 लोगों की मौत की यह घटना सुबह तीन बजे की है। घटना के बाद जब गोलियों से छलनी एक ही घर से छह लाशें मिली तो गांव में हड़कंप मच गया। मौके से मिले सुसाइड नोट से पता चला की बेटे ने ही इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस के मुता‍बिक परिवार के इकलौते पुत्र संदीप सिंह उर्फ सन्नी पुत्र मनजीत सिंह की शादी तय हुई थी।

मर्दाना कमजोरी के चलते उसे शक था कि शादी के बाद उसकी औलाद भी होगी या नहीं। पर परिवार वालों ने उसकी जबरन शादी तय कर दी। शादी डेढ़ माह बाद थी और सभी परिवार वाले तैयारियों में लगे हुए थे।

इसी दौरान उसने घटना को अंजाम दिया। जिन लोगों की युवक ने हत्या की है उनमें 3 साल की भांजी के साथ माता-पिता, दादी और बहन शामिल हैं। पुलिस अधिकारी एमपीएस परमार ने बताया की सुसाइड नोट की जांच की जा रही है। यह भी छानबीन की जा रही है कि रिवाल्वर लाइसेंसी था या युवक किसी से मांग कर लाया था।


 

Vatika