तेजधार हथियारों से युवक का किया बेरहमी से कत्ल

punjabkesari.in Friday, Jan 10, 2020 - 11:23 AM (IST)

मानांवाला(जगतार): थाना जंडियाला गुरु के अधीन आते गांव फतेहपुर राजपूतां स्थित गुरुनानक स्कूल के नजदीक एक युवक का अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बेरहमी से कत्ल कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गुरसाहिब सिंह (24) के तौर पर हुई है। बलदेव सिंह ने बताया कि उसका भतीजा गुरसाहिब सिंह उसके साथ ही रहता है और वह अपने दोस्त जीवन सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर अमृतसर गए थे। वापस आते समय फतेहपुर राजपूतां सरकारी स्कूल के नजदीक पहुंचकर मृतक पानी के मोटर पर फोन करने के लिए गया। वहां पहले से मौजूद 2 अज्ञात व्यक्तियों के साथ उसकी तू-तू, मैं-मैं हो गई जिन्होंने उस पर तेजधार हथियार से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही बलदेव सिंह परिवार सहित मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल गुरसाहिब को गुरु रामदास अस्पताल वल्ला में लाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

जिक्रयोग्य है कि मृतक विधवा मां और अपने 2 छोटे भाइयों का इकलौता सहारा था। थाना जंडियाला गुरू के इंस्पैक्टर रछपाल सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वह पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनो के बयानों पर अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। 

Edited By

Sunita sarangal