'पुलिस को महीना दे रखा है'... वायरल VIDEO में युवक का दावा, सरेआम बिक रहा चिट्टा

punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 09:35 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में नशे (चिट्टे) के बढ़ते अवैध कारोबार और तस्करों के बेखौफ हौसलों की पोल खोलता हुआ एक बेहद सनसनीखेज और हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। थाना डिवीजन नंबर-7 के अंतर्गत आते ताजपुर रोड स्थित बिहारी कॉलोनी का एक लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक नशा तस्कर पुलिस प्रशासन को ठेंगा दिखाते हुए सरेआम कैमरे के सामने नशे की पुडिय़ां (डोज) दिखाता नजर आ रहा है।

हद तो तब हो गई जब पुलिस कार्रवाई की बात करने पर आरोपी ने डरने के बजाय हंसते हुए कैमरे के सामने उंगलियों से विक्ट्री का निशान बना दिया। इस वीडियो के सामने आने के बाद लुधियाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इलाके के ही रहने वाले अवतार साहनी नामक एक युवक ने हिम्मत दिखाते हुए अपने ऑफिशियल फेसबुक अकाउंट से मोबाइल के जरिए बिहारी कॉलोनी का एक फेसबुक लाइव किया। इस लाइव वीडियो में उसने इलाके में धड़ल्ले से बिक रहे मौत के सामान यानी चिट्टे के काले कारोबार को सीधे कैमरे में कैद कर लिया। वीडियो बना रहा युवक कैमरे के सामने काली टी-शर्ट पहने एक नशा तस्कर को दिखाता है और उसका नाम उजागर करते हुए बताता है कि यह युवक ही इस पूरी बिहारी कॉलोनी में मुख्य रूप से नशा बेचने का नेटवर्क चलाता है।

कैमरे के सामने ही बांध रहा था नशे की पुडिय़ां, डरने की बजाए बनाया विक्ट्री का निशान
वीडियो बना रहे युवक से डरने की बजाए काली टी-शर्ट पहने मुख्य नशा तस्कर के हाथ में नशे की कई पुडिय़ां साफ दिखाई दे रही हैं, जिन पर वह सरेआम कैमरे के सामने ही रबर बैंड चढ़ा रहा है। वीडियो बनाने वाले युवक ने बताया कि उसने इस तस्कर को पहले भी कई बार सुधरने और यह काला धंधा बंद करने की चेतावनी दी थी। मगर इस पर कोई असर नहीं हुआ और इसने फिर से कॉलोनी को नशे का अड्डा बना दिया। इस बातचीत के दौरान तस्कर ने कैमरे की तरफ देखकर बेहद शातिराना ढंग से मुस्कुराते हुए उंगलियों से विक्ट्री का साइन बनाया, जो यह साफ दर्शाता है कि उसे पुलिसिया कार्रवाई का रत्ती भर भी खौफ नहीं है। बिहारी कॉलोनी में सुबह से लेकर देर रात तक नशा खरीदने और स्मैक/चिट्टा पीने वालों की भारी भीड़ जुटी रहती है, जिससे स्थानीय परिवारों का रहना मुहाल हो गया है।

पुलिस को महीना दे रखा है...तस्कर के इस दावे से खाकी पर उठे सवाल
वीडियो के सबसे चौंकाने वाले हिस्से में जब वीडियो बना रहे युवक ने नशा बेचने वाले युवक को पुलिस और कानून का डर दिखाने का प्रयास किया और कहा कि इस वीडियो के आधार पर पुलिस उसे जेल भेज देगी, तो तस्कर जोर से हंस पड़ा। वीडियो बना रहे युवक का दावा था कि आरोपी ने उसे कहा है कि उसने स्थानीय पुलिस को एडवांस में महीना दे रखा है। उसने सरेआम कहा कि जब तक उसका दिया हुआ महीना खत्म नहीं हो जाता, तब तक वह अपना काम जारी रखेगा और महीना पूरा होने के बाद ही काम बंद करेगा।

पुलिस की कार्रवाई ना के बराबर, अब साख दांव पर
युवक ने लाइव वीडियो में दर्द बयां करते हुए कहा कि आज ताजपुर रोड की यह बिहारी कॉलोनी पूरी तरह से नशे का गढ़ बन चुकी है। यहां इस मुख्य तस्कर के अलावा भी कई छोटे-मोटे पैडलर सक्रिय हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में पुलिस की गश्त और कार्रवाई पूरी तरह से ना के बराबर है, जिसके कारण तस्करों के हौसले सातवें आसमान पर हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अब गेंद लुधियाना पुलिस के पाले में है। शहरवासियों में इस बात को लेकर भारी उत्सुकता और गुस्सा है कि क्या उच्च पुलिस अधिकारी इस वीडियो का संज्ञान लेकर आरोपी तस्कर को सलाखों के पीछे भेजेंगे, या फिर नशा तस्कर के दावे के मुताबिक उसकी पुलिस के साथ कथित सांठगांठ की बात सच साबित होगी। फिलहाल, इस लाइव वीडियो ने पुलिस कमिश्नरेट के नशा-विरोधी दावों की सरेआम हवा निकाल दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News