तेजधार हथियारों से युवक की हत्या, 2 माह पहले लौटा था दुबई से

punjabkesari.in Thursday, Feb 20, 2020 - 11:23 AM (IST)

अमृतसर(संजीव): थाना लोपोके के गांव वणिएके के रहने वाले अजयपाल सिंह का गत देर रात 4 अज्ञात हथियारबंद युवकों ने कत्ल कर दिया। इस दौरान उसका दोस्त जोगा सिंह गंभीर घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए स्थानीय एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने आज बाद दोपहर पोस्टमार्टम करवा कर शव मृतक के परिवार वालों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस इस हत्याकांड के पीछे लुटेरों का हाथ मानकर चल रही है, जबकि मृतक का परिवार इसे रंजिशन की गई हत्या मान रहा है। मरने वाला अजयपाल सिंह 2 माह पहले दुबई से लौटा था और करीब 25 दिन पहले ही उसका विवाह हुआ था।

यह है मामला
अजयपाल सिंह के भाई अंग्रेज सिंह का कहना है कि गत रात्रि अजयपाल का दोस्त जोगा सिंह उनके घर आया व उसे अपने साथ किसी रिश्तेदार के घर चलने का कह मोटरसाइकिल पर ले गया। गांव बहड़वाल से पद्दरी की तरफ जाने वाले रास्ते पर दोनों को 4 अज्ञात युवकों ने सुनसान जगह पर घेर लिया और इन पर तेजधार हथियारों से वार किए। इस दौरान उसके भाई अजयपाल की तो मौत हो गई, जबकि जोगा सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। हत्या करने के बाद हमलावर मोटरसाइकिल व मोबाइल अपने साथ ले गए। पुलिस इस पूरे मामले में लुटेरों का हाथ मानकर छानबीन कर रही है, जबकि परिवार इसे रंजिशन की गई हत्या मान रहा है। परिवार का कहना है कि उसकी जेब में पर्स व गले में पड़ी सोने की चेन ही छेड़ी गई है।

क्या कहना है पुलिस का
थाना लोपोके के इंचार्ज एस.आई. हरपाल सिंह का कहना है कि फिलहाल अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है व इस मामले में आरोपियों की जांच की जा रही है। पुलिस को गांव बहड़वाल से पद्दरी की ओर जाने वाली सड़क पर स्थित नहर में हत्यारों द्वारा कुछ सामान फैंकने की भी आशंका है, जिसे वह टीम के साथ तलाश कर रहे हैं। पुलिस जल्द ही इस मामले में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।
 

Vaneet