पुरानी रंजिश में युवक की हत्या! तेजधार हथियारों से दो दोस्तों पर हमला, एक की मौत
punjabkesari.in Monday, Sep 28, 2026 - 09:31 PM (IST)
बठिंडा (विजय वर्मा) : गांव सिरीयेवाला में पुरानी आपसी रंजिश के चलते एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। बीती 27 सितंबर की शाम गांव सिरीयेवाला में 21 वर्षीय सिमरनप्रीत सिंह उर्फ सिम्मा निवासी कोठागुरु पर 10 से ज्यादा युवकों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। वारदात में उसके साथ मौजूद उसका दोस्त मनप्रीत सिंह निवासी सिरीयेवाला भी गंभीर रूप घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल रामपुरा फूल में भर्ती करवाया गया है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। थाना भगता भाईका पुलिस ने मृतक के पिता कुलवंत सिंह के बयान पर 8 के करीब आरोपी युवकों समेत 10 लोगों हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार वारदात 27 सितंबर की देर शाम को हुई। सिमरनप्रीत सिंह अपने दोस्त मनप्रीत सिंह के साथ उसके गांव सिरीयेवाला में मौजूद था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के 10 के करीब युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि उनके पास धारदार हथियार थे और उन्होंने सिमरनप्रीत तथा मनप्रीत पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सिमरनप्रीत की हालत गंभीर होने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना पुरानी आपसी रंजिश के कारण हुई है। पुलिस के अनुसार सिमरनप्रीत और मनप्रीत का कुछ युवकों के साथ पहले भी विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों के बीच पहले लड़ाई-झगड़ा और एक-दूसरे पर हमले की घटनाएं होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक इसी पुरानी रंजिश के चलते रविवार देर शाम दोनों युवकों को घेरकर हमला किए जाने की आशंका है। हालांकि विवाद की शुरुआत किस बात से हुई थी और पहले हुए झगड़ों में कौन-कौन शामिल था, इसकी पुलिस जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।

