युवक की ह'त्या का मामला सुलझा, पुल के पास मिली थी मोटरसाइकिल, 3 आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Monday, Jun 08, 2026 - 12:10 PM (IST)
सुल्तानपुर लोधी/कपूरथला (गुरप्रीत सिंह) : सब डिवीजन सुल्तानपुर लोधी के अंतर्गत पड़ते गांव मंड बाऊपुर निवासी युवक राहुल की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं गांववासियों द्वारा किश्तियों की मदद से चलाए गए करीब 12 घंटे लंबे सर्च ऑपरेशन के बाद राहुल का शव दरिया ब्यास में करमूवाला पत्तन के पास से बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार राहुल देर रात सुल्तानपुर लोधी से अपना काम खत्म कर घर लौट रहा था, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने पूरी रात उसकी तलाश की, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन सुबह उसकी मोटरसाइकिल बाऊपुर जाने वाले रास्ते पर ब्यास नदी के पुल के निकट लावारिस हालत में खड़ी मिली, जिससे परिजनों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई।
मामले की सूचना मिलते ही थाना कबीरपुर पुलिस ने जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान सुल्तानपुर लोधी से बाऊपुर तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। इसी दौरान परिजनों और गांववासियों ने स्वयं दरिया ब्यास में खोज अभियान शुरू कर दिया। किश्तियों की मदद से करीब 12 घंटे तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद राहुल का शव करमूवाला पत्तन के पास दरिया से बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
डीएसपी सुल्तानपुर लोधी धीरेंद्र वर्मा ने बताया कि पुलिस जांच के दौरान हत्या से जुड़े अहम तथ्य सामने आए हैं। जांच के आधार पर थाना कबीरपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। वहीं मृतक के परिवार ने दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। राहुल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि गांव मंड बाऊपुर सहित आसपास के इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा किया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

