इटली से दी गई सुपारी! नौजवान पर सरेआम तेज़धार हथियारों से किया गया वार

punjabkesari.in Saturday, Jun 17, 2023 - 06:37 PM (IST)

खन्ना: खन्ना के गांव कौड़ी में एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। तलवारों, लोहे की रॉड और डंडों से लैस हमलावरों ने रास्ते में ही एक युवक को घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। हमलावरों की गिनती 10 से 12 बताई जा रही है, जो एक स्विफ्ट कार और तीन मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। सभी ने अपने चेहरे ढके हुए थे। गाड़ियों के नंबर छिपाए हुए थे। कातिलाना हमले को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। यह घटना वहां लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हो गई। इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुए सुखबीर सिंह सुक्खा (25) वासी गांव कौड़ी को सिविल अस्पताल खन्ना में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है।

सिविल अस्पताल में उपचाराधीन सुखबीर सिंह के भाई दलजीत सिंह ने बताया कि उनकी गांव के कुछ लोगों के साथ पुरानी रंजिश है। 23 मार्च को दोनों पक्षों में लड़ाई हुई थी, इस संबंध में उन्होंने मामला दर्ज़ कराया था। इस मामले में नामजद एक शख्स इटली भाग गया। वह इटली से लगातार धमकियां दे रहा था। इस शख्स ने सुपारी देकर यह जानलेवा हमला करवाया है। दलजीत सिंह ने बताया कि उसका भाई सुखबीर सिंह घर से आधा किलोमीटर दूर काम पर जाता है।

शनिवार को जब उसका भाई घर से निकला तो हमलावर पहले से ही रास्ते में खड़े उसके भाई का इंतजार कर रहे थे। हमलावरों ने उसके भाई पर तलवारों और रॉड से हमला कर दिया। उसके सिर पर लोहे की रॉड से वार किया गया। हमलावरों ने उसका एक हाथ और पैर तोड़ दिया। परिजनों ने मांग की है कि हमलावरों के खिलाफ इरादा-ए-कत्ल का मामला दर्ज़ किया जाए। 

डी.एस.पी. करनैल सिंह ने कहा कि कौड़ी में झगड़े की सूचना मिलते ही वे तुरंत सदर थाना के एस.एच.ओ. गुरमीत सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। सी.सी.टी.वी.  फुटेज हासिल कर ली गई है। आस-पास के लोगों से जानकारी हासिल की गई है। इसके अलावा सिविल अस्पताल में घायलों के परिजनों से बातचीत की गई है।  घायल नौजवान के बयान दर्ज किए जा रहे हैं व हमलावरों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

News Editor

Paras Sanotra