दिल्ली से पंजाब में हैरोइन तस्करी करने वाली युगाडियन महिला गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Jul 21, 2018 - 08:12 PM (IST)

अमृतसर (संजीव): स्पैशल टास्क फोर्स ने दिल्ली के शतरपुर क्षेत्र में किए एक आप्रेशन के दौरान योगांडा की रहने वाली महिला तस्कर रूबिया को गिरफ्तार किया। जिसकी निशानदेही पर तरनतारन से एक किलो हैरोइन बरामद की गई। रूबिया दिल्ली में बैठ पंजाब के अलग-अलग क्षेत्रों में हैरोइन की सप्लाई कर रही थी। पकड़ी हैरोइन सीमा पार पाकिस्तान से जे.एंड के. सैक्टर में आई थी, जहां से पंजाब भेजी गई। 

रूबिया के पाकिस्तान और अफगानिस्तान में बैठे हैरोइन तस्करों के साथ भी संबंध सामने आए हैं, जो उनसे पिछले कई वर्षों से हैरोइन मंगवा रही थी। एस.टी.एफ. ने रूबिया के विरुद्ध केस दर्ज कर उसे माननीय अदालत के निर्देशों पर जांच के लिए पुलिस रिमांड पर लिया है। ए.आई.जी. रछपाल सिंह ने आज एक पत्रकार सम्मेलन के दौरान यह खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 21 जून 2018 को एस.टी.एफ. ने कुलदीप सिंह निवासी भाई लद्दू को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 260 ग्राम हैरोइन बरामद की थी। जिसकी गहण जांच के दौरान योगांडा की रहने वाली रूबिया का इस तस्करी के धंधे में नाम सामने आया था। जिस पर माननीय अदालत से रूबिया का अरैस्ट वारंट लिया गया। जिसके उपरांत डी.एस.पी. कृपाल सिंह व इंस्पैक्टर सुखविन्द्र सिंह रंधावा की अध्यक्षता में एक छापेमारी दस्ता दिल्ली के लिए रवाना हुआ और शतरपुर क्षेत्र में बैठ अपना तस्करी का धंधा चला रही रूबिया को गिरफ्तार किया गया। 

जांच दौरान रूबिया ने किए कई खुलासे
प्रारंभिक जांच में जहां रूबिया ने कई खुलासे किए वहीं तरनतारन से गिरफ्तार किए गए कुलदीप सिंह ने भी पुलिस को तस्करों की लीड दी थी। पंजाब में सीमा पार पाकिस्तान से हैरोइन पर हुई सख्ती के कारण अब तस्कर दिल्ली का रुख कर रहे हैं। कुलदीप सिंह ने भी दिल्ली में रूबिया के साथ सम्पर्क साधा और उससे हैरोइन मंगवाने लगा। पंजाब में आने वाली अधिकतर हैरोइन अब जे.एंड.के. व राजस्थान सैक्टर से आ रही है। 2016 में रूबिया को फाजिल्का में एन.डी.पी.एस. एक्ट में गिरफ्तार किया जा चुका है जिसमें वह बेल आऊट हुई थी। पुलिस अब इस बात का भी पता लगा रही है कि किन कारणों में रूबिया को बेल मिली और उसकी गारंटी किस ने दी थी। 

अवैध रूप से रह रही थी भारत में
योगांडा की नागरिक रूबिया पिछले कई वर्षों से भारत में बिना वीजा अवैध रूप से रह रही थी। पुलिस योगांड एंबैसी के साथ भी संपर्क करेंगी और उसकी भारत में गतिविधियों के बारे में जानकारी देगी। ए.आई.जी. रछपाल सिंह ने आगे बताया कि रूबिया का एक बड़ा गैंग है जिसमें उसके कई साथी है। अब पुलिस उन पर भी जल्द शिकंजा कसेगी। गिरफ्तार कर अदालत में लाई गई रूबिया ने पूछताछ में यह भी बताया कि उसका एक 8 माह का बच्चा भी है। अब इस बात में कहां तक सच्चाई है इस पर भी एस.टी.एफ. गहन जांच कर रही है क्योंकि रूबिया पुलिस को यह कह चुकी थी कि उसका अपने पति के साथ कई वर्ष पहले तलाक हो चुका है। पुलिस अब रूबिया को सूत्रधार न कई तस्करों को घेरे में लाने की तैयारी में है।

Des raj