चचेरे भाई शाह व आतंकी सोहेल को छुड़वाने का प्लान बना रहा जाकिर मूसा!

punjabkesari.in Sunday, Nov 18, 2018 - 08:36 AM (IST)

जालंधर (रविंद्र): अंसार गजवत-उल-हिंद के चीफ जाकिर मूसा की पंजाब में एंट्री हो चुकी है। कुछ दिन पहले उसे अमृतसर व गुरदासपुर में देखे जाने के इनपुट खुफिया एजैंसियों ने जारी किए हैं। बताया जा रहा है कि एक खास मकसद के तहत जाकिर मूसा पंजाब में दाखिल हुआ है। उसका मकसद सी.टी. इंस्टीच्यूट से हथियारों सहित पकड़े गए  चचेरे भाई इदरीस शाह भट्ट व बेहद करीबी साथी सोहेल भट्ट को छुड़वाना हो सकता है। पंजाब में पढ़ा जाकिर मूसा पंजाब के चप्पे-चप्पे की जानकारी रखता है। इसी मकसद को लेकर वह रेकी करने के लिए पंजाब में दाखिल हुआ है। खुफिया एजैंसियों को जाकिर मूसा के खालिस्तानी आतंकियों के साथ लिंक के इनपुट भी मिले हैं। 

मूसा के खालिस्तानियों से लिंक खंगाल रही है एन.आई.ए. की टीम

कश्मीरी आतंकियों के बारे में जांच करने जालंधर पहुंची एन.आई.ए.  टीम भी जाकिर मूसा के खालिस्तानी आतंकियों के साथ लिंक को खंगाल रही है। फिलहाल गिरफ्तार ये दोनों आतंकी इदरीस शाह भट्ट व सोहेल भट्ट जेल में बंद हैं। इनकी सिक्योरिटी भी बढ़ा दी गई है। डी.एस.पी. कपूरथला डा. मुकेश कुमार का कहना है कि पुलिस मिल रहे हर तरह के इनपुट पर काम कर रही है। जाकिर मूसा समेत जैश-ए-मोहम्मद के 6 आतंकियों का इनपुट मिलने के बाद राज्य भर में पुलिस हाई अलर्ट पर है । हर तरह के पहलुओं पर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। 

मूसा के करीबी हैं आतंकी
गौर हो कि इदरीस शाह भट्ट व सोहेल भट्ट को जे. एंड के. व पंजाब पुलिस ने ज्वाइंट आप्रेशन के दौरान पिछले माह सी.टी. इंस्टीच्यूट के हास्टल से गिरफ्तार किया था। इनके पास से पुलिस ने 1 किलोग्राम विस्फोटक पदार्थ, ए.के.-56 व अन्य हथियार बरामद किए थे। इदरीस शाह जहां मूसा का चचेरा भाई है।

वहीं सोहेल भट्ट मूसा का काफी करीबी माना जाता है। संभावना है कि सोहेल करीबी होने के कारण मूसा के कई भविष्य के प्लान के बारे में जानता है। यही नहीं अगर एन.आई.ए. की टीम ने सोहेल से पूछताछ की तो मूसा के संभावित ठिकानों का भी पता लग सकता है। यही कारण है कि मूसा पंजाब में शाह व सोहेल को छुड़वाने के मकसद से दाखिल हुआ है, जिसको लेकर पंजाब पुलिस ने भी अपनी चौकसी बढ़ा दी है।

सोशल मीडिया के जरिए रखी जा रही है मूसा की गतिविधियों पर नजर 

जेल में बंद इन दोनों कुख्यात आतंकियों के बारे में जाकिर मूसा हर इनपुट लेने का प्रयास कर रहा है। बताया जाता है कि कपूरथला जेल में सोहेल व शाह को सुरक्षा कारणों से अलग-अलग बैरक में रखा गया है। यही नहीं जेल में बंद खालिस्तानी आतंकी व कट्टरपंथियों को भी इनकी बैरकों से काफी दूर रखा गया है। जिस तरह नाभा जेल ब्रेक करके गैंगस्टर विक्की गौंडर, के.एल.एफ. चीफ आतंकी मिंटू व अन्य अपराधियों को भगाया गया था, उसी तकनीक का इस्तेमाल मूसा कर सकता है।

सतर्कता बरतते हुए राज्य के सभी जिलों के एंट्री प्वाइंट्स पर पुलिस चौकसी को बढ़ा दिया गया है और सभी वाहनों की गहन जांच की जा रही है। जालंधर रूरल पुलिस ने अपने फेसबुक अकाऊंट पर जाकिर मूसा की फोटो अपडेट कर उसके बारे में इनपुट देने के लिए लोगों से अपील की है। सोशल मीडिया के जरिए भी जाकिर मूसा की गतिविधियों पर एजैंसियां पूरी नजर रख रही हैं।

swetha