भारत बंद की कॉल दौरान संगरूर पूरी तरह बंद, स्पीकरों से किया जा रहा ऐलान

punjabkesari.in Friday, Feb 16, 2024 - 01:59 PM (IST)

बरनाला : संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर बरनाला जिले में 'भारत बंद' का पूरा असर देखने को मिला। इस बंद के आह्वान को शहर के व्यापारियों ने खूब सराहा। इसके मद्देनजर बस स्टैंड, सब्जी मंडी, दाना मंडी, आइलेट्स मार्केट, सदर बाजार, फरवाही बाजार, हंढियाया बाजार, कच्चा कॉलेज रोड पूरी तरह से बंद रहे। किसान संगठन विभिन्न राज्य और राष्ट्रीय राजमार्गों पर धरना देकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। शहर में मुख्य विरोध प्रदर्शन जहां रेलवे स्टेशन के पास नेहरू चौक पर है, वहीं विभिन्न संगठनों के नेता 'भारत बंद' के आह्वान को सफल बनाने के लिए सक्रिय हैं।

यहां किसान, व्यापारी, कर्मचारी और अन्य संगठन मिलकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके अलावा शहर में 'भारत बंद' को लेकर स्पीकर पर घोषणा की जा रही है। इस मौके पर व्यापार मंडल के अध्यक्ष नायब सिंह काला ने कहा कि सभी व्यापारियों ने 'भारत बंद' का समर्थन किया है। बरनाला में सभी दुकानें और बाजार बंद कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी व्यापारिक संगठन किसानों के साथ हैं। इस मौके पर किसान-मजदूर संगठनों ने कहा कि आज देश के व्यापारिक संगठन, संयुक्त किसान मोर्चा के किसान संगठन, कर्मचारी, व्यापारी, छात्र समेत सभी तरह के संगठनों ने 16 फ़रवरी को 'भारत बंद' का आह्वान किया है।

यह 'भारत बंद' केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ है। केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों से किसान, मजदूर, व्यापारी सहित देश का हर वर्ग परेशान है। इसके चलते आज पूरा देश अपना कारोबार बंद करके और सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा कि बरनाला में इस भारत बंद का पूरा असर देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जिले की 6 मुख्य सड़कों पर धरना दिया जा रहा है और बंद के दौरान केवल आपातकालीन सेवाएं बहाल करने का निर्णय लिया गया है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 

 

News Editor

Urmila