रामपुर उपचुनाव: सर्द रातों में गरमा-गरम तकरीर बढ़ा रहीं चुनावी तापमान
punjabkesari.in Tuesday, Nov 29, 2022 - 09:55 PM (IST)

रामपुर: रामपुर विधानसभा क्षेत्र में हो रहे उप चुनाव के दौरान सर्द रातों में गरमा-गरम तकरीरों से चुनावी तापमान बढ़ता ही जा रहा है। सपा और भाजपा के रणनीतिकारों ने मतदाताओं को रिझाने के लिए पिटारा खोल दिया है।इस चुनाव में मुसलमानों को भाजपा का खौफ दिखाकर सियासी रोटियां सेंकने वाले राजनैतिक दलों की नींद उड़ गई हैं। रामपुर के उप चुनाव मे भाजपा के रणनीतिकारों ने पहली बार खुले दिल से मुस्लिमों को गले लगाया है जिसके चलते रामपुर में पहली बार कमल खिल सकता है। जबकि, सपा के फायर ब्रांड नेता आजम खां मुसलमानों को गोलबंद करने में जुट गए हैं। पांच दिसंबर को मतदान है और उप चुनाव का काउंटडाउन शुरू हो गया है जिसके मद्देनजर सपा और भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
सपा के कद्दावर नेता आजम खां ने अपने परंपरागत अंदाज में मतदाताओं को लुभाने के लिए पैंतरे आजमाने शुरू कर दिए हैं। वह अपने ऊपर हुए जुल्मों को बयां कर रहे हैं इसके अलावा लोगों से दो टूक कह रहे हैं कि आसिम राजा पठान नहीं इंसान तो हैं। जोड़ते हैं कि भाजपा ने उनका वोट देने का अधिकार छीन लिया, यह लोग जो भाजपा के साथ जा रहे हैं उन्हें समझना चाहिए। वह मुसलमान बच्चों के हाथों में कलम देना चाहते हैं लेकिन, सरकार उनके हाथों में हथकड़ियां डालना चाहती है। पुलिस प्रशासन के जुल्मों सितम की दास्तां बयान कर रहे हैं। जबकि, भाजपा कह रही है आजम खां मुसलमानों को इमोशनल ब्लैकमेल कर रहे हैं। मुसलमानों का भविष्य भाजपा में सुरक्षित है।
भाजपा ने एक बार रामपुर में कमल खिलाने की अपील की
रामपुर में एक बार कमल खिलाने की अपील की जा रही है। क्योंकि, वर्ष 1951 से रामपुर में कभी भी भाजपा का प्रत्याशी नहीं जीता है। मुस्लिम मतों के बल पर पिछले दस बार से आजम खां विधायक बनते आ रहे हैं। भाजपा ने इस बार आजम खां का खेल बिगाड़ते हुए मुस्लिम कार्ड खेल दिया है जिसके बाद आजम खां मुस्लिम वोटों को गोलबंद करने में जुट गए हैं। जबकि भाजपा मुस्लिमों से एक बार कमल खिलाने की अपील की जा रही है। मुसलमानों को आश्वासन दिया जा रहा है कि उनका भविष्य भाजपा में सुरक्षित है। भाजपा के जितने भी बड़े नेता यहां आए हैं सभी की जुबान पर मुस्लिम प्रेम दिखाई दे रहा है।
रामपुर उपचुनाव में वोटों का गणित-
- मुस्लिम मतदाता- 60 प्रतिशत,
- हिन्दू मतदाता - 40 प्रतिशत
- कुल मतदाता- 388994
- पुरुष मतदाता- 206904
- महिला मतदाता- 182052