घरेलू विवाद के चलते की पत्नी की कृपाण मारकर हत्या

punjabkesari.in Sunday, Nov 17, 2019 - 12:49 PM (IST)

अहमदगढ़(इरफान, तायल): थाना सिटी में पति के खिलाफ पत्नी की हत्या का मामला दर्ज किया गया है। शहर के दहलीज रोड पर रहने वाले रवि लाल पुत्र बाल कृष्ण द्वारा अपनी ही पत्नी बिमला रानी उर्फ वंदना शर्मा की कृपाण से हत्या करने का मामला सामने आया है।

पुलिस को दी शिकायत में मृतका की बहन प्रमोद रानी पत्नी कृष्ण लाल ने बताया कि 15 साल पहले उसकी मृतक बहन और उसकी शादी एक ही घर में हुई थी। उसकी बहन की एक 14 साल की बेटी है। उसकी बहन जगराते में गाती थी जिससे घर का सारा खर्च चलता था। मृतका का पति रवि लाल कुछ नहीं करता था और नशा करने के लिए भी मृतका से पैसे मांगता रहता था जिसके कारण दोनों के बीच विवाद चलता था। 14 नवम्बर की रात को भी उनका विवाद हुआ था। 15 नवम्बर की सुबह 9 बजे कमरे के बाहर बर्तन साफ करते समय उसने कमरे के अंदर से गाली-गलौच का शोर सुना।

उसी दौरान रवि लाल ने अपनी पत्नी बिमला रानी के पेट में कृपाण मार दी। दूसरी बार मारते समय मृतका की बहन ने उसे पकड़ लिया लेकिन वह उसे धक्का मार कृपाण लेकर मौके से भाग निकला। घायल को अहमदगढ़ के सरकारी अस्पताल में ले जाने के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे राजिंद्रा अस्पताल पटियाला में रैफर कर दिया। लेकिन उसके परिजन उसे सरकारी अस्पताल मालेरकोटला ले गए और उन्होंने संगरूर अस्पताल भेज दिया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रमुख अमनदीप कौर ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के बाद वारिसों को सौंप दिया गया है। कथित आरोपी के खिलाफ आई.पी.सी. की धारा-302 के तहत मुकद्दमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Sunita sarangal

Recommended News

Related News