जून के अंत में भी गर्मी का कहर जारी, उमस ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें
punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 04:04 PM (IST)
तपा मंडी (गर्ग,शाम): जून के अंतिम दिनों में भी गर्मी का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार सुबह से ही तेज धूप और हवा में बढ़ी नमी के कारण लोगों को भारी उमस का सामना करना पड़ा। तापमान में कोई खास बढ़ोतरी नहीं होने के बावजूद नमी अधिक होने से गर्मी सामान्य दिनों की अपेक्षा कहीं अधिक महसूस की गई। दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में लोगों की आवाजाही कम रही। खुले आसमान के नीचे काम करने वाले मजदूरों, रेहड़ी-फड़ी विक्रेताओं और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। कुछ ही देर में लोग पसीने से तरबतर हो गए और गर्मी से राहत पाने के लिए छायादार या ठंडी जगहों का सहारा लेते नजर आए। गर्मी से राहत पाने के लिए जूस, लस्सी, शरबत और आइसक्रीम की दुकानों पर अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। वहीं, एसी और कूलरों के बढ़ते उपयोग के कारण बिजली की मांग में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार हवा में नमी अधिक होने के कारण शरीर से निकलने वाला पसीना जल्दी नहीं सूखता, जिससे गर्मी और अधिक महसूस होती है। आने वाले कुछ दिनों में बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने तथा कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन नमी के कारण उमस का असर फिलहाल जारी रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर के समय बिना आवश्यक कार्य के घर से बाहर न निकलें, अधिक से अधिक पानी पिएं तथा धूप से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अवश्य बरतें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

