बेकाबू ट्रक घर में घुसा, पिता-पुत्र घायल

punjabkesari.in Thursday, Feb 13, 2020 - 11:12 AM (IST)

मालेरकोटला(जहूर/शहाबूदीन): गांव राणवां में एक बेकाबू ट्रक सुखदेव सिंह के घर में जा घुसा, जिसके साथ घर में सोए हुए परिवार में से पिता-पुत्र घायल हो गए, जिनको गांववासियों ने सरकारी अस्पताल मालेरकोटला में पहुंचाया। 

जानकारी देते हुए गांव की सरपंच सुरिन्द्र कौर के पति स्वर्ण सिंह फौजी ने बताया कि सुबह 3 बजे खन्ना से मालेरकोटला की ओर आ रहा ट्रक (पी.बी. 11 बी.के. 8537) बेकाबू होकर मंगा सिंह के घर की दीवार और गेट तोड़ता हुआ सुखदेव सिंह के घर अंदर जा घुसा। सुखदेव सिंह अपनी पत्नी और 3 पुत्रों समेत अपने घर अंदर सोया हुआ था। आसपास के लोग शोर सुन कर बाहर निकले और गांव के गुरुद्वारा साहिब से अनाऊंसमैंट कर गांववासियों को सहायता के लिए बुलाया। लोगों की मदद से घायल सुखदेव सिंह और उसके पुत्र गुरचरण सिंह (12) को अस्पताल पहुंचाया गया। 

मौके पर पहुंची पुलिस ट्रक चालक को अपने साथ ले गई। स्वर्ण सिंह ने बताया कि सुखदेव सिंह के कमरे और रसोई की छत गिरने से घर में पड़ा सामान मलबे के नीचे दब गया। उन्होंने बताया कि मंगा सिंह का करीब 25 हजार का नुकसान हो गया। गांववासियों ने प्रशासन से सुखदेव सिंह, मंगा सिंह और देसराज को आर्थिक सहायता देने की मांग करते हुए सड़क पर धरना दिया। ट्रक मालिक और प्रभावित परिवारों में समझौता होने के उपरांत धरनाकारियों ने धरना उठाया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Sunita sarangal

Recommended News

Related News