शार्प शूटर गैंगस्टर दविंदर बंबीहा मारा गया,जानें जीवन का पूरा सच

punjabkesari.in Saturday, Sep 10, 2016 - 10:27 AM (IST)

भटिंडा/रामपुरा फूल (बलविंद्र/रजनीश): थाना फूल क्षेत्र में शुक्रवार तड़के गिल्ल कलां रोड पर नामी गैंगस्टर व शूटर दविंद्र बंबीहा को पुलिस ने एक मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस ने बंबीहा के एक साथी तारा दोसांझ को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया जबकि उनका एक साथी मौके से फरार हो गया। उक्त गैंगस्टरों के कब्जे से पुलिस ने बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं। 

इस संबंधी भटिंडा जोन के आई.जी. एस.के. अस्थाना व एस.एस.पी. स्वप्न शर्मा ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे पुलिस को गैंगस्टर दविंद्र बंबीहा व तारा दोसांझ के फूल के नजदीक एक ढाणी में होने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर ली।

 इस दौरान बंबीहा, दोसांझ व उनके एक और साथी ने एक कार में निकलने की कोशिश की तो पुलिस ने कार को घेर लिया। बंबीहा व दोसांझ कार से निकलकर अलग-अलग दिशाओं की ओर खेतों में भाग गए। पुलिस ने 2 पाॢटयां बनाकर दोनों का पीछा किया। गैंगस्टरों ने धान के एक खेत में पहुंचकर पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में बंबीहा को 3 गोलियां लगीं जिससे वह गंभीर घायल होकर गिर पड़ा। उसे तुरंत सिविल अस्पताल भटिंडा पहुंचाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस दौरान तारा दोसांझ को भी एक गोली लगी जिसे पुलिस ने मौके पर ही काबू कर लिया व अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान आरोपियों का एक अन्य साथी मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश जारी है। गिल्ल कलां रोड पर बंबीहा व तारा दोसांझ ने जिस घर में पनाह ली हुई थी वह घर तारा के रिश्तेदार का था। पुलिस ने उक्त घर से तारा की मां व मौसी को भी गिरफ्तार किया है जिन पर अपराधियों को पनाह देने के आरोप हैं। 

भारी मात्रा में हथियार बरामद : पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गैंगस्टरों के कब्जे से 4 पिस्तौलें, 85 कारतूस, 1 लैपटॉप, 2 मोबाइल फोन व फर्जी आई-कार्ड बरामद हुए हैं। बंबीहा के खिलाफ पंजाब के विभिन्न थानों में हत्या के 6, जानलेवा हमले के 2, लड़ाई-झगड़ों के 4, डकैती का 1 व असला एक्ट के 8 मामले दर्ज थे जबकि तारा दोसांझ के खिलाफ हत्या के 2, डकैती के 4, झगड़ों के 3 व असला एक्ट के 8 मामले दर्ज हैं।

 

कौन था दविंदर बंबीहा  

पुलिस मुताबिक खूंखार गैंगस्टरों में से एक दविंदर बंबीहा  बेहद शातिर और बेरहम इंसान था। किसी को मारना उस के लिए बांए हाथ का खेल था। यही वजह थी कि वह पुलिस और अपने विरोधियों को सोशल मीडिया के द्वारा शरेआम ललकारता था। बम्बीहा इस साल फिर से दुनिया सामने आया था, जब उसने 20 फरवरी 2016 को सरपंच रवि खुआजके को विवाह समागम में 14 गोलियां मार कर मौत के घाट उतार दिया था। उसके बाद सोशल मीडिया के द्वारा अपने विरोधियों को चेतावनी भी देता रहा।

 

कबड्डी खेलने का शौकीन दविंदर  आम लड़कों की तरह स्कूल जाता था। पढ़ने लिखने में काफी होशियार भी था। स्कूल की पढ़ाई पूरी हुई तो दविंदर  ने कालेज में दाखिला ले लिया। बस यही से शुरु हुअा अपराध का सफर।  दविंदर बी.ए. के आखिरी साल में था। परन्तु इसी दौरान उसके गांव में राजा नामी एक लड़के का कत्ल हो गया। इस कत्ल मामले में दविंदर का भी नाम आया। उस समय पर वह केवल 20 साल का था।

 

अदालत में पेशी पर ले जाते समय बंबीहा  फ़रार हो गया। उसके बाद उसके और पुलिस बीच चोर सिपाही का खेल शुरू हो गया। साल 2010 के बाद बंबीहा कभी गांव नहीं आया। अब वह खतरनाक गैंगस्टर दविंदर बंबीगा बन चुका था। वह अपने फेसबुक पेज पर स्टेटस डालता रहता था। जुर्म की दुनिया में जाने के लिए वह व्यवस्था को कसूरवार बताता था। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News