पराली जलाने वालों के खिलाफ फाजिल्का प्रशासन सख्त, कई गांवों में अचानक की चेकिंग
punjabkesari.in Wednesday, Nov 18, 2026 - 07:44 PM (IST)
फाजिल्का (कृष्ण): जिले में पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए फाजिल्का प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। डिप्टी कमिश्नर श्रीमती अमरप्रीत कौर संधू के दिशा-निर्देशों के तहत जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (डीडीपीओ) हरजिंदर सिंह ने फाजिल्का और अर्नीवाला क्षेत्र के विभिन्न गांवों में खेतों का दौरा कर जमीनी स्थिति का औचक जायजा लिया।
जांच के दौरान टीम ने फाजिल्का क्षेत्र के गांव कौड़ियांवाली और टाहलीवाला बोदला के अलावा अर्नीवाला क्षेत्र के गांव डबवाली कलां, बुर्जवाला, कमालवाला और माहूआणा बोदला में निरीक्षण किया। गांव डबवाली कलां में अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर उन्हें पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण और पर्यावरण को पहुंचने वाले गंभीर नुकसान के बारे में जागरूक किया।
इस दौरान यह भी सराहनीय बात सामने आई कि कौड़ियांवाली, टाहलीवाला बोदला और अर्नीवाला क्षेत्र के अधिकतर गांवों में किसानों ने पराली को आग लगाने के बजाय उसकी गांठें बनवाकर अगली फसल की बुवाई पूरी कर ली है।
अधिकारियों ने बताया कि पराली के उचित प्रबंधन में औद्योगिक इकाइयों, प्लांटों और गत्ता फैक्ट्रियों की ओर से भी बड़ा सहयोग दिया जा रहा है। ये इकाइयां किसानों द्वारा तैयार की गई पराली की गांठों का अपने स्तर पर इस्तेमाल कर रही हैं। इससे पराली जलाने की घटनाओं को रोकने में काफी मदद मिल रही है।
डीडीपीओ हरजिंदर सिंह ने किसानों से अपील की कि वे पराली को आग लगाने के बजाय उसका उचित प्रबंधन करें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और नियमों का उल्लंघन कर पराली जलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

