ढोंगी बाबा ने मां-बेटी पर गहने चोरी का आरोप लगाकर पुलिस से पिटवाया

punjabkesari.in Thursday, Jun 21, 2018 - 11:44 AM (IST)

गढ़शंकर (स.ह.): थाना गढ़शंकर के गांव टब्बा बीत की एक गरीब बेसहारा महिला दर्शना देवी विधवा गुलजार सिंह ने एस.एस.पी. को अर्जी देकर न्याय की गुहार लगाई है। शिकायत में पीड़िता ने कहा कि उसके पति, जेठ व पुत्र की मौत हो चुकी है, घर में वह व उसकी पुत्री रीति ही है, वह बेसहारा है।

 

पीड़िता ने बताया कि कुछ समय पहले उनके मोहल्ले के अवतार सिंह पुत्र महंगा राम के घर चोरी हुई बताई जाती है। अवतार सिंह गांव में ही एक धार्मिक स्थान की सेवा कर रहे छिन्दा नामक ढोंगी बाबा के पास पूछने गया तो उसने उसका व उसकी नाबालिग बेटी रीति का नाम लेकर गहने चोरी का आरोप लगा दिया। बस फिर क्या था ढोंगी बाबा के कहने पर अवतार सिंह उन्हें उसके डेरे पर ले गया। वहां कई दिनों तक उसकी व उसकी पुत्री की डंडों से मापीटा की।  इस दौरान 4 दिन लगातार पुलिस चौकी बीनेवाल के कर्मचारी मां-बेटी को रोजाना चौकी ले जाते रहे व एक महिला पुलिस कर्मचारी ने भी दोनों की बुरी तरह मारपीट की। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि गांव की पंचायत व पुलिस की हाजिरी में धक्के से उसके खाली कागजों पर हस्ताक्षर करवाए। 


पीड़िता ने दुखी लहजे में यह भी कहा कि गांव में उसकी किसी ने भी नहीं सुनी। पीड़िता ने कहा कि कथित आरोपी उसकी जमीन हड़पना चाहते हैं व उसे जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। उसने एस.एस.पी. से न्याय की गुहार करते हुए जान-माल की रक्षा की मांग भी की है व आरोपियों सहित ढोंगी बाबा छिन्दा पर कार्रवाई की मांग की है। सम्पर्क करने पर एस.एच.ओ. रंजना देवी ने बताया कि पहले उनके पास अवतार सिंह ने चोरी संबंधी अर्जी दी थी, उसके बाद राजीनामा की कापी दे गए। उन्होंने पुलिस की हाजिरी में खाली कागजों पर हस्ताक्षर करवाने संबंधी पूछे जाने पर कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। 

swetha