बीच सड़क बेकाबू होकर पलटा रेत से भरा टिप्पर, दुकानों के टूटे शटर
punjabkesari.in Tuesday, Sep 22, 2026 - 12:43 PM (IST)
तलवाड़ा (जोशी): अमरोह साइड से आ रहा रेत से भरा एक टिप्पर तलवाड़ा के दौलतपुर चौक के पास अचानक बेकाबू होकर पलट गया। इस हादसे में जानी नुकसान होने से तो बचाव रहा, लेकिन पास की दुकानों के शटर टूटने के कारण दुकानदारों का भारी आर्थिक नुकसान हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, रेत से भरा टिप्पर नंबर पी.बी.07-सी.ई.-8585 जैसे ही दौलतपुर चौक के पास पहुंचा, तो चालक के नियंत्रण से बाहर होकर सड़क पर ही पलट गया। घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि प्रशासन द्वारा सुबह और शाम के समय शहर के भीतर टिप्परों की आवाजाही के लिए समय निश्चित किया गया है, लेकिन इसके बावजूद पाबंदी वाले समय के दौरान ये भारी वाहन शहर में कैसे दाखिल हो रहे हैं। मौके पर मौजूद लोगों और पीड़ित दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि सुबह स्कूल लगने और दोपहर को छुट्टी होने के समय शहर से टिप्परों के गुजरने पर पूर्ण रूप से पाबंदी लगाई जाए। दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से उनके हुए नुकसान की भरपाई करवाने की मांग की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

