शीतल नगर के बाद अब जिंदा गांव में मिला 2 माह के बच्चे का भ्रूण

punjabkesari.in Thursday, Oct 31, 2019 - 10:01 AM (IST)

जालंधर(वरुण): शीतल नगर में लगातार 2 दिन पहले मिले बच्चों के भ्रूण का मामला अभी तक ट्रेस नहीं हो पाया कि अब जिंदा गांव में 2 से अढ़ाई माह के बच्चे का भ्रूण मिला है। यह भ्रूण एक खाली प्लाट में बोरे में लिपटा हुआ मिला। दोपहर बाद करीब 4 बजे एक फैक्टरी मालिक ने भ्रूण देखा तो पुलिस को सूचना दी जिसके बाद मौके पर पहुंची थाना नं. 1 की पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी।

थाना-1 के प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम पर किसी ने सूचना दी थी जिसके बाद वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। भ्रूण लड़की का है। पुलिस ने आसपास लगे सी.सी.टी.वी. चैक करवाए तो एक संदिग्ध हालातों में खड़ा एक्टिवा सवार व्यक्ति दिखाई दिया लेकिन उसकी तस्वीर क्लीयर नहीं थी। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है। पुलिस को शक है कि लड़की होने के कारण भ्रूण को खाली प्लाट में फैंका गया लेकिन सच्चाई आरोपियों के पकड़े जाने पर ही पता लग सकेगी। पुलिस ने भ्रूण को सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। इंस्पैक्टर सुखबीर सिंह ने कहा कि इलाके में रहते कुछ लोगों की भी मदद ली जा रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

गौर रहे कि कुछ माह पहले भी थाना नं.-1 के ही क्षेत्र में आने वाले शीतल नगर में लगातार नहर में से 2 बच्चों का भ्रूण मिला था। उस मामले में भी आरोपियों का कुछ पता नहीं लग सका है। पुलिस ने जिंदा गांव में मिले भ्रूण के मामले में केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Sunita sarangal

Related News