पंजाब के अलावा चंडीगढ़ पर किसी का अधिकार नहीं: जाखड़

punjabkesari.in Monday, Aug 21, 2023 - 12:03 PM (IST)

लौंगोवाल: पूर्व सांसद सुखदेव सिंह ढींडसा के नेतृत्व वाले शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) की ओर से अमर शहीद संत हरचरण सिंह लौंगोवाल की 38वीं बरसी पर यहां आयोजित समारोह मेें एक नए राजनीतिक गठबंधन की तस्वीर देखने को मिली।

गुरुद्वारा शहीद भाई मनी सिंह पट्टी रंधावा में आयोजित कार्यक्रम में जहां शिरोमणि अकाली दल (यूनाइटेड) के नेताओं ने संत हरचंद सिंह लौंगोवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की, वहीं भारतीय जनता पार्टी से जुड़े केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी मौजूद रहे। भाजपा पंजाब अध्यक्ष सुनील जाखड़, दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका, पूर्व अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा, शिरोमणि कमेटी की पूर्व अध्यक्ष बीबी जगीर कौर, बलवंत सिंह रामूवालिया, अरविंद खन्ना ने संत जी को श्रद्धा के फूल अर्पित किए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि मुझे लगता है कि आज पंथ और पंजाब को हाईजैक कर लिया गया है। जाखड़ ने कहा कि पंजाब में ‘आप’ की सरकार बनने से राज्य की जनता आज ठगा हुआ महसूस कर रही है।

उन्होंने कहा कि गुरबाणी के प्रसारण में लिए पी.टी.सी. मोनोपली तोडऩे के बहाने सरकार का पंथक मामलों में हस्तक्षेप एक साजिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि बादलों ने पी.टी.सी. के माध्यम से 2500 से 3000 करोड़ रुपए कमाए हैं और फिर भी वे संतुष्ट नहीं हैं लेकिन सरकार जिस तरह से हस्तक्षेप कर रही है, वह गलत है। जाखड़ ने कहा कि यदि चंडीगढ़ से कोई विधानसभा के लिए 10 एकड़ जमीन मांगेगा तो हम इसका पुरजोर विरोध करेंगे क्योंकि पंजाब के चंडीगढ़ पर किसी अन्य राज्य का अधिकार नहीं है। सुखदेव सिंह ढींढसा ने कहा कि केवल शिरोमणि अकाली दल (यूनाइटेड) ही संत हरचंद सिंह लौंगोवाल के विचारों को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। यह दिन संत की विचारधारा को याद करने का दिन है। ढींडसा ने कहा कि हर पार्टी के पास एक विचार और एक एजैंडा लेकिन आम आदमी पार्टी के पास कोई विचार नहीं है। आज इस विरासत को अपनी जान से भी ज्यादा बचाने की जरूरत है। पूर्व केंद्रीय मंत्री बलवंत सिंह रामूवालिया व भाजपा के प्रदेश नेता अरविंद खन्ना ने भी संत को श्रद्धांजलि दी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News