आम आदमी पार्टी ने राजनीति के लिए सड़कें कर दीं बंद, जनता परेशान – BJP नेता दिनेश अरोड़ा
punjabkesari.in Thursday, Feb 19, 2026 - 08:24 PM (IST)
जालंधर (मनोज): सीनियर बीजेपी नेता दिनेश अरोड़ा ने आम आदमी पार्टी द्वारा शहर के मुख्य मार्ग को बंद कर व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित करने पर कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्री राम चौक से भगवान वाल्मीकि चौक तक, दवाइयों की होलसेल मार्केट दिलकुशा मार्केट, सिविल अस्पताल तथा मुख्य बाजारों की ओर जाने वाली सड़क को बैठक के नाम पर बंद करना जनता के हितों के खिलाफ है।
दिनेश अरोड़ा ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार के दबाव में आकर नगर निगम जालंधर और पंजाब पुलिस ने इस कार्यक्रम की अनुमति दी, जिसका उद्देश्य राजनीतिक लाभ लेना था। उन्होंने कहा कि व्यापारियों या अन्य वर्गों के साथ बैठकें सार्वजनिक मार्ग बंद कर, मंच सजाकर आयोजित नहीं की जातीं, बल्कि ऐसे आयोजनों के लिए उचित स्थान निर्धारित किए जाते हैं, ताकि आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो। इस कार्यक्रम के कारण आम जनता और व्यापारियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
दिनेश अरोड़ा ने कहा कि पहली बार इस प्रकार जनता की सुविधाओं को रोककर राजनीतिक बैठक की गई है, जो लोकतांत्रिक परंपराओं के लिए घातक है। उन्होंने प्रशासन से भविष्य में इस तरह के कार्यक्रमों की अनुमति देने से पहले जनसुविधा का विशेष ध्यान रखने की मांग की।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

