BIG BREAKING: पंजाब भाजपा ऑफिस के बाहर बम फेंकने और वीडियो बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Sunday, Apr 05, 2026 - 01:47 PM (IST)
चंडीगढ़/जालंधर (अंकुर/धवन): पंजाब पुलिस ने चंडीगढ़ में पंजाब भाजपा ऑफिस के बाहर हुए धमाके के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक पिस्टल भी बरामद हुई है। बताया जा रहा है कि इनमें से एक आरोपी ने बम फेंका था और दूसरे ने घटना का वीडियो बनाया था।
आरोपियों की पहचान मोरिंडा के रहने वाले अमनप्रीत सिंह और गुरतेज सिंह के तौर पर हुई है। आरोप है कि अमनप्रीत सिंह ने भाजपा ऑफिस के बाहर बम फेंका था और गुरतेज सिंह ने उसका वीडियो बनाया था। आपको बता दें कि इससे पहले पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनके पास से एक हैंड ग्रेनेड, एक .30 बोर जिगाना पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद हुए थे।
डी. जी. पी. गौरव यादव ने शनिवार को बताया था कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलविंदर लाल उर्फ शम्मी गांव माजरी (एस. बी. एस. नगर), जसवीर सिंह उर्फ जस्सी गांव भरापुर (एस. बी. एस. नगर), चरणजीत सिंह उर्फ चन्नी गांव सुजावलपुर (एस. बी. एस. नगर), रूबल चौहान गांव थाना (शिमला) और मंदीप उर्फ अभिजोत शर्मा धुरी (संगरूर) के रूप में हुई है।
डी.जी.पी. ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चला है कि इस मॉड्यूल को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आई.एस.आई. का सपोर्ट था और यह पुर्तगाल और जर्मनी में बैठे विदेशी हैंडलर्स के निर्देशों पर काम कर रहा था। आरोपी एक ऑर्गनाइज्ड नेटवर्क का हिस्सा थे, जिसमें हमले को अंजाम देने के लिए कई कट-आउट और सब-मॉड्यूल शामिल थे। हमले में शामिल दो मुख्य आरोपियों की भी पहचान हो गई है।
ए.आई.जी. स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एस.एस.ओ.सी.), एस.ए.एस. नगर दीपक पारिक ने कहा कि जांच में यह भी पता चला है कि गिरफ्तार आरोपियों ने हैंड ग्रेनेड, हथियार और जिंदा कारतूस की एक खेप भेजी थी, जो कई गुंडों के जरिए आखिरी आरोपी तक पहुंची। ए.आई.जी. ने कहा कि पुर्तगाल में बैठे हैंडलर के कहने पर आरोपियों ने मिलकर हमला किया था। उन्होंने कहा कि पुलिस टीमें हमले में शामिल फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही हैं। इस बारे में पुलिस स्टेशन एस.एस.ओ.सी., एस.बी.एस. नगर में FIR दर्ज की गई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

