MP से पंजाब तक नशे की सप्लाई का खुलासा, 405 किलो डोडा पोस्त सहित कैंटर चालक गिरफ्तार
punjabkesari.in Sunday, Oct 04, 2026 - 10:17 AM (IST)
जालंधर (शौरी): जालंधर ग्रामीण पुलिस के सी.आई.ए. स्टाफ ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नकोदर की दाना मंडी से 405 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी मध्य प्रदेश से कैंटर में डोडा पोस्त लेकर जालंधर पहुंचा था और इसकी सप्लाई नकोदर, शाहकोट तथा कपूरथला के इलाकों में की जानी थी।
एस.एस.पी. जालंधर ग्रामीण हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि सी.आई.ए. स्टाफ के प्रभारी इंस्पैक्टर पुष्प बाली को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में डोडा पोस्त लाकर जालंधर ग्रामीण के नकोदर व शाहकोट क्षेत्रों तथा कपूरथला में सप्लाई कर रहे हैं। सूचना के आधार पर एस.आई. कश्मीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को नकोदर व शाहकोट क्षेत्रों में गश्त एवं चैकिंग के लिए भेजा गया।
पुलिस टीम जब नकोदर की दाना मंडी पहुंची तो वहां खुले स्थान पर एक सफेद रंग का कैंटर संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया। कैंटर का चालक वाहन से बाहर खड़ा था और पुलिस पार्टी को देखकर वहां से निकलने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर पूछताछ की। आरोपी की पहचान वरिंदर सिंह उर्फ काली पुत्र दलीप सिंह निवासी बाबा जीवन सिंह नगर, गली नंबर-4, टिब्बी साहिब रोड, थाना सिटी मुक्तसर, जिला श्री मुक्तसर साहिब के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे वाले कैंटर नंबर एच.आर.-69-सी-1590 की तलाशी ली तो उसमें से 27 प्लास्टिक के थैले बरामद हुए। प्रत्येक थैले में 15 किलोग्राम डोडा पोस्त था। इस तरह बरामद नशीले पदार्थ का कुल वजन 405 किलोग्राम निकला। पुलिस ने कैंटर को भी कब्जे में ले लिया।
इस संबंध में थाना सिटी नकोदर, जिला जालंधर ग्रामीण में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी वरिंदर सिंह उर्फ काली को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी मध्य प्रदेश से नशीला पदार्थ किसके माध्यम से लेकर आया था तथा इसे आगे किन लोगों तक सप्लाई किया जाना था।
आरोपी वरिंद्र पर दर्ज है पहले से ही 6 अपराधिक केस दर्ज
एस.एस.पी. हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि आरोपी वरिंदर सिंह उर्फ काली ने अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद ट्रक ड्राइवर के रूप में काम करना शुरू किया था। इस दौरान उसकी जान-पहचान गीता नामक व्यक्ति से हुई, जिसने उसकी जान-पहचान मध्य प्रदेश के गरोठ क्षेत्र में डोडा पोस्त की बिक्री से जुड़े व्यक्तियों से करवाई। आरोपी पहले भी एक बार 400 किलोग्राम चूरा पोस्त लेकर आया था, जिसके बदले उसे 25,000 मिले थे।
इस बार भी वरिंदर सिंह उर्फ काली मध्य प्रदेश के गरोठ क्षेत्र से डोडा पोस्त लेकर आया था और इसकी सप्लाई गीता नामक व्यक्ति को करनी थी। सी.आई.ए. स्टाफ की पुलिस टीम द्वारा वरिंदर सिंह उर्फ काली को काबू करके क्षेत्र में चल रहे नशा सप्लाई नैटवर्क को धवस्त किया है। वरिंदर सिंह उर्फ काली के विरुद्ध पहले भी विभिन्न धाराओं के तहत 6 मुकद्दमें दर्ज हैं। उसके बार-बार अपराधों में संलिप्त पाए जाने के मद्देनजर उसके विरुद्ध बी.एन.एस. की धारा 111 के तहत आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। गीता नामक व्यक्ति की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

