Jalandhar : ग्रामीणों ने पकड़ा हथियारों से लैस आरोपी, 2 किलो हेरोइन और 4 पिस्तौल बरामद

punjabkesari.in Thursday, Nov 26, 2026 - 08:00 PM (IST)

नकोदर (पाली) : नकोदर के सदर थाना क्षेत्र में 2 किलो हेरोइन (चिट्टा) और चार अत्याधुनिक पिस्तौलों की बरामदगी का मामला अब पुलिस की कार्रवाई को लेकर चर्चा में आ गया है। पुलिस जहां इस बरामदगी को अपनी बड़ी कामयाबी बता रही है, वहीं स्थानीय ग्रामीणों का दावा है कि आरोपी को पुलिस ने नहीं, बल्कि गांव के लोगों ने अपनी बहादुरी से काबू कर पुलिस के हवाले किया था। हैरानी की बात यह है कि पुलिस की ओर से दर्ज एफआईआर में ग्रामीणों की भूमिका का कोई जिक्र नहीं है, बल्कि पूरी कार्रवाई को पुलिस की गश्त और नाकाबंदी के दौरान हुई गिरफ्तारी बताया गया है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान प्रभदीप सिंह उर्फ प्रभ निवासी गांव अवाण चाहारमी के रूप में हुई है। सूत्रों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, पूरा घटनाक्रम गांव में दो गाड़ियों के टकराने को लेकर हुए मामूली विवाद से शुरू हुआ। विवाद के दौरान जब ग्रामीण बीच-बचाव करने पहुंचे तो बोलेरो सवार प्रभदीप सिंह ने कथित तौर पर रौब जमाने के लिए रिवॉल्वर निकाल ली। इसी दौरान छीना-झपटी में पहला हथियार उसके हाथ से गिर गया, जिसके बाद उसने दूसरा हथियार निकाल लिया। युवक के पास लगातार हथियार निकलते देख ग्रामीणों ने उसे घेर लिया और काबू कर लिया। ग्रामीणों के अनुसार, जब युवक से हथियारों के लाइसेंस संबंधी दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
  
इसके बाद सूचना मिलने पर थाना सदर नकोदर के एसएचओ इंस्पेक्टर हरदीप सिंह पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे। इसके बाद डीएसपी लखविंदर सिंह  की मौजूदगी में आरोपी की सफेद रंग की महिंद्रा बोलेरो (नंबर PB-08-FX-7328) की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गाड़ी से नशे और हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, ड्राइवर सीट के नीचे से दो काले रंग के ग्लॉक पिस्तौल मैगजीन सहित बरामद हुए। एक मैगजीन में पांच जिंदा कारतूस भी मिले। इसके अलावा पिछली सीटों के बीच जिप लगी जगह से दो 'मेड इन चाइना' पिस्तौल मैगजीन सहित, डैशबोर्ड से दो अतिरिक्त खाली मैगजीन और ड्राइवर सीट के पिछले कवर से एक एप्पल आईपैड बरामद किया गया। वहीं, डैशबोर्ड और अगली सीट के पैरों वाली जगह से एक वजनदार मोमी लिफाफे में 2 किलोग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। इस बरामदगी के बाद मामला केवल अवैध हथियार रखने तक सीमित न रहकर नशा तस्करी से भी जुड़ गया।
  
इस पूरे मामले में एक तरफ जहां ग्रामीण अपनी बहादुरी से आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले करने का दावा कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ एफआईआर में पूरी कार्रवाई पुलिस की नाकाबंदी के दौरान हुई गिरफ्तारी के रूप में दर्ज है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि यदि ग्रामीणों ने आरोपी को पहले ही काबू कर लिया था, तो एफआईआर में उनकी भूमिका का उल्लेख क्यों नहीं किया गया?  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News