रंजिशन सोनू पर फायरिंग व तेजधार हथियारों से हमला

punjabkesari.in Wednesday, Jul 24, 2019 - 09:02 AM (IST)

जालंधर(वरुण): नागरा के शिव नगर में देर रात करीब 20 युवकों ने सोनू पिस्तौल नामक युवक पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले फायरिंग की और बाद में तेज हथियारों से हमला बोल दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मौके से फिलहाल कोई भी गोली का खोल बरामद नहीं हुआ है। सिविल अस्पताल में दाखिल ओंकार सिंह उर्फ  सोनू पिस्तौल निवासी शिव नगर ने बताया कि वह रात को शिव नगर पार्क के पास बर्गर खा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार करीब 20-25 युवक उसकी तरफ  आए और हवाई फायरिंग की, बाद में एक फायर सीधा किया, जो उसके कान के नजदीक से निकल गया। उसके बाद हमलावरों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। 

दावा है कि उसे एक छर्रा लगा और हमलावरों ने पिस्तौल के बट से भी उसे घायल कर दिया। अटैक के बाद हमलावर फरार हो गए। इसके बाद सोनू को सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया। उसके भाई मोहित का आरोप है कि 4 दिन पहले टैगोर नगर में स्थित उसके घर में भी कुछ अज्ञात युवक घुस आए थे जो शायद उसके भाई को ही ढूंढ रहे होंगे। मौके पर थाना-5 की पुलिस को बुलाया था लेकिन पुलिस के आने से पहले ही वे भाग गए थे। 

थाना-1 के प्रभारी सुखबीर सिंह का कहना है कि रात पौने 12 बजे के करीब उनके पास सूचना आई थी। गोली चली है या नहीं यह जांच में पता लगेगा। फिलहाल पुलिस देर रात इस मामले की जांच कर रही थी। सोनू की हालत खतरे से बाहर है, जिसका देर रात सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा था।

23 दिन बाद लिया गोलियां चलाने का बदला! 
29 जून को रात के समय सोनू व उसके साथियों ने गुरु अमरदास कॉलोनी में अपने विरोधी गुट पर गोली चलाई थी, जिसमें 2 युवक घायल हुए थे। आरोप था कि सोनू ने अपने साथियों साथ आकर फायर किए थे। तेजधार हथियारों से भी युवकों पर अटैक किया गया था। हमले में आकाश व कालू नाम के 2 युवक घायल हुए थे। मामला राजनीति से जुड़ा होने के कारण पुलिस को दोनों पक्षों पर क्रॉस केस दर्ज करना पड़ा था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

swetha

Recommended News

Related News