आज चार्ज लेंगी स्मार्ट सिटी की नई सी.ई.ओ. डा. शेना अग्रवाल
punjabkesari.in Tuesday, Dec 24, 2019 - 08:45 AM (IST)

जालंधर(खुराना): जालंधर स्मार्ट सिटी की नई सी.ई.ओ. व युवा आई.ए.एस. अधिकारी डा. शेना अग्रवाल आज अपना नया चार्ज संभालेंगी। सी.ई.ओ. के साथ-साथ उन्हें पुड्डा का चीफ एडमिनिस्ट्रेटर भी लगाया गया है और उनके पास जालंधर नगर निगम के एडीशनल कमिश्नर का भी चार्ज रहेगा। गौरतलब है कि डा. शेना अग्रवाल 2011 बैच की टॉपर होने के साथ-साथ एम.बी.बी.एस. डाक्टर भी हैं। इससे पहले वह लुधियाना स्मार्ट सिटी तथा कई अन्य प्रशासनिक पदों पर भी काम कर चुकी है।
बार-बार बदल रहे अधिकारी, स्मार्ट सिटी प्रोजैक्टों पर पड़ रहा असर
स्मार्ट सिटी मिशन को शुरू हुए 3 साल से ज्यादा का समय हो चुका है परंतु जालंधर की बात करें तो स्मार्ट सिटी के नाम पर इस शहर में अभी बहुत ही कम प्रोजैक्ट शुरू हो पाए हैं। यह अलग बात है कि आधा दर्जन से ज्यादा बड़े प्रोजैक्ट इस समय पाइपलाइन में हैं। स्मार्ट सिटी के प्रोजैक्टों में हो रही देरी से जालंधर के विधायक भी परेशान हैं क्योंकि उन्हें इनका चुनावी फायदा मिलता नजर नहीं आ रहा। इन प्रोजैक्टों के लटकने के पीछे बार-बार अधिकारियों के हो रहे तबादलों को भी माना जा रहा है। काफी देर तक आई.ए.एस. विशेष सारंगल स्मार्ट सिटी के सी.ई.ओ. रहे।
उनके बाद जतिंद्र जोरवाल को इस पद पर लगाया गया परंतु उनका तबादला भी चंडीगढ़ हो गया। उसके बाद सी.ई.ओ. का चार्ज निगम कमिश्नर दीपर्व लाकड़ा के हवाले कर दिया गया। अब डा. शेना अग्रवाल को सी.ई.ओ. पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें अब जहां तत्काल रूप से चौकों की डिवैल्पमैंट, सोलर पैनल, कंट्रोल एंड कमांड सैंटर, बायोमाइनिंग प्रोजैक्ट, स्ट्राम वाटर सीवर, स्मार्ट रोड्स तथा एल.ई.डी. प्रोजैक्ट पर काम करके दिखाना होगा, वहीं ए.बी.डी. एरिया तथा पूरे शहर के लिए अन्य प्रोजैक्ट भी तैयार करने होंगे।