हरसिमरत बादल ने सुल्तानपुर लोधी के नवीनीकृत रेलवे स्टेशन का किया उद्घाटन

punjabkesari.in Friday, Nov 08, 2019 - 12:20 PM (IST)

सुल्तानपुर लोधी (सोढी/धीर): केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने 50 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए सुल्तानपुर लोधी के नवीनीकृत रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया। इसके उपरांत वह श्री बेर साहिब में नतमस्तक हुईं। उन्होंने कहा कि इस पावन कार्यक्रम को मनाने के लिए रेल मंत्रालय के माध्यम से भारत सरकार ने इस अद्भुत हिस्से का निर्माण करने का फैसला किया है, जो गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के आयोजन के अवसर पर आधुनिक सिख वास्तुकला को प्रदर्शित करता है।

रेलवे मंत्रालय को थोड़े समय के भीतर रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण का काम पूरा करने के लिए बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि इसे यात्रियों के आराम और सुविधा के लिए अपग्रेड किया गया है। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए 2 हाई लैवल ब्रिज और 2 फुट ओवरब्रिज का निर्माण करने के साथ स्टेशन के एरिया का विस्तार किया गया है। हरसिमरत बादल ने कहा कि समारोहों के दौरान 50 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों के जाने की उम्मीद है। मंत्री ने श्री गुरु नानक देव जी की ‘धन धन बाबा नानक’ पर एक प्रदर्शनी और लघु फिल्म का भी उद्घाटन किया और फिल्म देखी।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने सुल्तानपुर लोधी को स्मार्ट सिटी बनाने के साथ-साथ करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोलने के लिए सभी प्रयास किए हैं। उन्होंने सिख समुदाय का सम्मान बढ़ाने और कई ऐतिहासिक फैसले लेने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने सभी से इस पवित्र शहर की यात्रा करने की अपील की। हरसिमरत बादल ने समानता और भाईचारे के संदेश के साथ री-डैकोरेटिड डी.एम.यू. रैक को फ्लैग ऑफ किया। उन्होंने गुरु किरत भवन नाम के एक विशाल यात्री हॉल की वास्तुकला की प्रशंसा की। इस मौके पर सदस्य सचिव आई.जी.एन.सी.ए. सच्चिदानंद जोशी, मंडल रेल प्रबंधक फिरोजपुर राजेश अग्रवाल और अन्य गण्यमान्य उपस्थित थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News

Related News