लूटेरा गैंग का पर्दाफाश, आरोपियों से मोटरसाइकिल, आईफोन तथा अन्य सामान बरामद

punjabkesari.in Sunday, Apr 05, 2026 - 05:20 PM (IST)

कपूरथला (भूषण, महाजन, मल्होत्रा): थाना सिटी कपूरथला की पुलिस ने शहर में तेजधार हथियारों की नोक पर लूट की वारदातों को अंजाम देकर भारी दहशत फैलाने वाले एक लुटेरा गैंग का पर्दाफाश कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक आरोपी नाबालिग बताया जा रहा है। डी.एस.पी. सब डिवीजन शीतल सिंह ने बताया एस.एस.पी. कपूरथला गौरव तूरा के आदेशों पर थाना सिटी कपूरथला के एस.एच.ओ. इंस्पेक्टर अमनदीप नाहर ने पुलिस टीम के साथ शहर में नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान पुलिस द्वारा की गई चैकिंग में जब मोटरसाइकिल पर सवार 2 संदिग्ध नौजवानों को रुकने का इशारा किया गया तो उन्होंने भागने की कोशिश की परंतु पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। 

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने नाम सुनील उर्फ शंकर पुत्र अशोक कुमार निवासी मोहल्ला महताबगढ़, कपूरथला, जबकि दूसरा आरोपी नाबालिग निकला। पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी तेजधार हथियारों की नोक पर शहर में लूट की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। इन आरोपियों ने 1 अप्रैल 2026 को महिन्दर दास पुत्र उजागर राम निवासी मोहल्ला संतपुरा, कपूरथला से कालेज रोड पर दातर दिखा कर उसका पर्स छीन लिया था। पर्स में दो ए.टी.एम. कार्ड, 2 आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा 20 हजार रुपये की नकदी थी।

इस वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। इस मामले में भी पुलिस ने सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज के आधार पर कार्यवाही करते हुए दोनों आरोपियों की पहचान कर ली थी। आरोपियों की निशानदेही पर उनसे वारदात के दौरान इस्तेमाल किया गया 1 मोटरसाइकिल, 1 पर्स तथा 1 आईफोन भी बरामद हुआ। यह आईफोन आरोपियों ने 1 बजुर्ग व्यक्ति से छीना था। आरोपियों ने 30 मार्च 2026 को सुल्तानपुर लोधी मार्ग पर एक बजुर्ग से उसका पर्स छीन लिया था। जिस दौरान स्कूटरी से गिरने के कारण बजुर्ग के चोटें भी लगी थी। दोनों गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे होने की संभावना है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News