मोगा की मंडियों में भारी बारिश ने बढ़ाई किसानों की चिंता, भीगा धान

punjabkesari.in Sunday, Oct 25, 2026 - 05:43 PM (IST)

मोगा (बिन्दा): मोगा जिले की मंडियों में पड़े धान पर पिछले दिनों हुई भारी बारिश ने किसानों, आढ़तियों और मजदूरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के कारण मंडियों में किसानों द्वारा बेचने के लिए लाई गई धान की ढेरियां भीग गई हैं, जिससे किसानों को अपनी फसल के नुकसान का डर सता रहा है।

दूसरी ओर, सरकारी खरीद एजेंसियों द्वारा खरीदे गए धान की लिफ्टिंग का काम धीमी गति से चलने के कारण मंडियों में धान के ढेर लगे हुए हैं। मंडियों में भरी पड़ी बोरियों के भी खराब होने की आशंका पैदा हो गई है, क्योंकि आए दिन खाद और अन्य कृषि जिंसों की विशेष माल गाड़ियां चल रही हैं। इसके कारण मंडियों में ट्रक या अन्य ढुलाई के साधन नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे धान की लिफ्टिंग का काम काफी देरी से हो रहा है। बारिश के साथ ही मंडियों में व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याएं भी सामने आ रही हैं। खुले में पड़े धान को बारिश से बचाने के लिए आढ़तियों और मजदूरों को बार-बार तिरपालों से बोरियों तथा धान की ढेरियों को ढकना पड़ रहा है।

इसके अलावा बोरियों को दोबारा व्यवस्थित ढंग से ढेर लगाकर रखना पड़ रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि वे पहले ही फसल की कटाई और उसे मंडियों तक पहुंचाने के लिए काफी मेहनत कर रहे हैं, लेकिन लिफ्टिंग में देरी और मौसम खराब होने के कारण उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। इसके साथ ही भारी बारिश के कारण खेतों में पानी जमा होने से भी किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों और आढ़तियों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मंडियों से खरीदे गए धान की लिफ्टिंग में तेजी लाई जाए, ताकि किसानों को संभावित नुकसान से बचाया जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News