कैंटर की चपेट में आकर मोटरसाइकिल सवार की मौत, CCTV खंगाल रही पुलिस

punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2026 - 04:43 PM (IST)

मोगा (आजाद): मोगा-कोटकपूरा रोड पर गत रात हुए एक हादसे में मोटरसाइकिल सवार सीरा सिंह निवासी बेअंत नगर मोगा की मौत हो जाने का पता लगा है जबकि उसका साथी इस हादसे में बाल-बाल बच गया। हादसे की जानकारी मिलने पर थाना सिटी मोगा के सहायक थानेदार अजीत सिंह रंधावा पुलिस पार्टी समेत मौके पर पहुंचे तथा जांच के बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मोगा भेजा गया। 

जानकारी के अनुसार मृतक पेंटर का काम करता था। पारिवारिक मैंबरों ने बताया कि उसको रात 10 बजे के करीब एक अज्ञात व्यक्ति घर से बुलाकर ले गया था। हमें पता लगा कि उसकी हादसे में मौत हो गई है। पारिवारिक मैंबरों के अनुसार सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज से भी पता लग रहा है कि मोटरसाइकिल पर 2 व्यक्ति सवार थे। इसी दौरान उनका मोटरसाइकिल एक कैंटर की चपेट में आ गया। इस हादसे में सीरा सिंह की मौत हो गई जबकि उसका साथी बच गया।

जांच अधिकारी सहायक थानेदार अजीत सिंह रंधावा ने बताया कि पुलिस सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है। मृतक की भाभी सीमा रानी ने बताया कि सीरा अपनी बुजुर्ग माता का सहारा था। इसी हादसे के कारण परिवार सदमे में है। जांच अधिकारी ने कहा कि मृतक के भाई पाला सिंह के बयानों पर अ.ध. 194 के तहत कार्रवाई की गई है तथा मृतक की लाश को पोस्टमार्टम के बाद वारिसों के हवाले किया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News