लुधियाना में 121 फीट के रावण का अमित शाह ने किया दहन, दरेसी ग्राउंड में उमड़ी भीड़
punjabkesari.in Tuesday, Oct 20, 2026 - 08:42 PM (IST)
लुधियाना: पंजाब में दशहरे के मौके पर लुधियाना के दरेसी ग्राउंड में नशे के खिलाफ संदेश देते हुए 121 फीट ऊंचे ‘नशे के रावण’ का दहन किया गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुतले को आग लगाई। इस आयोजन के जरिए नशे के खात्मे का संदेश दिया गया। दरेसी ग्राउंड में दशहरे के मेले के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू भी उपस्थित थे। रावण दहन के बाद अमित शाह ने कार्यक्रम को संबोधित किया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ट्रैफिक डायवर्ट
अमित शाह के दौरे को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर रहीं। उनके पहुंचने से पहले डॉग स्क्वायड की मदद से कार्यक्रम स्थल की जांच की गई। वहीं, पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव करते हुए दरेसी ग्राउंड की ओर जाने वाले रास्ते को नो-व्हीकल जोन घोषित कर दिया, ताकि कार्यक्रम के दौरान भीड़ और वाहनों को नियंत्रित किया जा सके।



वहीं, अमृतसर के दुर्ग्याणा मंदिर में 100 फीट के रावण का दहन किया गया। इसके अलावा जालंधर में साई दास स्कूल ग्राउंड में 100 फीट के रावण का दहन हुआ।
पटियाला में रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले पुडा ग्राउंड में जले। बठिंडा के परसराम नगर में इस बार 50 से 55 फीट ऊंचे 4 पुतले लोगों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। इन्हें उठाने के लिए क्रेन मंगानी पड़ी।

