लुधियाना में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौ/त, मां ने लगाए गंभीर आरोप

punjabkesari.in Sunday, Nov 01, 2026 - 11:40 AM (IST)

लुधियाना (राज): न्यू अंबेडकर नगर इलाके में एक 38 वर्षीय युवक विपिन कुमार सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की बुजुर्ग मां ने ऑटो रिपेयर वर्कशॉप के मालिक और उसके 3-4 अज्ञात साथियों पर बेटे की बेरहमी से मारपीट कर मौत के घाट उतारने का संगीन आरोप लगाया है। मृतक की मां के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस को दिए बयानों में मृतक की मां ने बताया कि वह अपनी बेटी के घर मोहल्ला राम नगर, चंडीगढ़ रोड गई हुई थी। इसी दौरान रात के समय उनके भतीजे ज्ञान इंद्र सिंह का फोन आया। भतीजे ने रोते हुए सूचना दी कि उनके 38 वर्षीय बेटे विपिन कुमार सिंह की मौत हो गई है और उसका शव सिविल अस्पताल लुधियाना की मोर्चरी में रखा गया है। सूचना मिलते ही मां बदहवास हालत में अस्पताल पहुंची और बेटे का शव देखकर बिलख पड़ी।

मृतक की मां ने अपने स्तर पर जब पूरे मामले की पड़ताल की, तो रूह कंपा देने वाला सच सामने आया। परिजनों के अनुसार, 29 अक्तूबर को विपिन कुमार सिंह मोहल्ला न्यू अंबेडकर नगर स्थित 'अनमोल ऑटो रिपेयर' की दुकान पर गया था। वहां किसी बात को लेकर दुकान मालिक संतोष कुमार और उसके साथ मौजूद 3-4 अज्ञात व्यक्तियों ने मिलकर विपिन की बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोप है कि बुरी तरह पीटने के बाद टिंकू नाम का एक युवक घायल विपिन को उसके घर छोड़ गया। घर पहुंचने के बाद विपिन चुपचाप कमरे में सोने चला गया। कुछ देर बाद जब उसकी पत्नी और बच्चों ने उसे देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। विपिन की नाक और दोनों कानों से लगातार खून बह रहा था और वह बेसुध पड़ा था। घबराए परिजन उसे तुरंत सिविल अस्पताल लुधियाना लेकर भागे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की मां ने पुलिस को दी शिकायत में स्पष्ट आरोप लगाया है कि अनमोल ऑटो रिपेयर के मालिक संतोष कुमार और उसके अज्ञात साथियों द्वारा की गई बेरहम पिटाई के दौरान विपिन के सिर या शरीर के किसी अंदरूनी हिस्से में गंभीर और जानलेवा चोट लगी थी, जिस कारण उसकी जान चली गई।

सूचना पाकर जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर सुरिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू करवाई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मां के बयानों के आधार पर दुकान मालिक संतोष कुमार, टिंकू और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News