लुधियाना में कारोबारी और उसकी बेटी पर फायरिंग, दोनों गंभीर घायल
punjabkesari.in Thursday, Oct 29, 2026 - 02:22 PM (IST)
लुधियाना (अनिल): थाना सलेम टाबरी के अंतर्गत एल्डेको एस्टेट चौकी क्षेत्र में बीती रात रेत का कारोबार करने वाले एक कारोबारी पर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चला दीं। इस हमले में कारोबारी जसपाल सिंह और उसकी बेटी प्रिया गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए डीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
इस संबंध में थाना प्रभारी जसबीर सिंह गिल ने बताया कि पुलिस को बीती रात सूचना मिली थी कि फिरोजपुर निवासी जसपाल सिंह अपनी बेटी प्रिया के साथ अपनी बहन से मिलकर वापस जा रहा था। सुबह करीब 4 बजे एल्डेको चौकी के पास मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात युवकों ने उनकी कार पर हमला कर दिया और गोलियां चला दीं।
थाना प्रभारी के अनुसार, हमलावरों ने दो गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली कार के बोनट में लगी, जबकि दूसरी गोली जसपाल सिंह की छाती को छूते हुए उसकी बेटी प्रिया की गर्दन में जा लगी। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पिता और बेटी का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

