लाखों के कथित हेरफेर के दबाव में फैक्टरी के अकाउंटेंट ने उठाया खौफनाक कदम, मालिक-बेटे पर गंभीर आरोप
punjabkesari.in Monday, Nov 02, 2026 - 10:40 AM (IST)
लुधियाना (राज): फोकल प्वाइंट फेज-2 स्थित 'मैग्नाकोर सी-39' फैक्टरी में बतौर अकाउंटेंट कार्यरत 47 वर्षीय व्यक्ति द्वारा मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक के पिता ने फैक्टरी मालिक और उसके बेटे पर 12 लाख रुपये के कथित लेन-देन को लेकर झूठा दबाव बनाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का संगीन आरोप लगाया है। मृतक अपने पीछे बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और 16 साल की मासूम बेटी को छोड़ गया है। पीड़ित पिता की शिकायत पर थाना सलेम टाबरी पुलिस ने फैक्टरी मालिक और उसके बेटे के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा के तहत आपराधिक मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मृतक की पहचान 47 वर्षीय सुदेश कुमार भाटिया के रूप में हुई है, जो लंबे समय से फोकल प्वाइंट फेज-2 की मैग्नाकोर फैक्टरी में अकाउंट्स का काम संभाल रहे थे। पुलिस को दी शिकायत में मृतक के पिता अजीत कुमार भाटिया ने बताया कि 31 अक्तूबर को सुदेश ने घर के कमरे में चुन्नी का फंदा बनाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जब परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो सुदेश का शव फंदे से लटक रहा था। यह खौफनाक मंजर देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों के जुटने के बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
मालिक का बेटा करता था पैसों की हेराफेरी, अब सुदेश को बनाया जा रहा था बलि का बकरा
70 वर्षीय बुजुर्ग पिता अजीत कुमार भाटिया ने फैक्टरी मालिक सुनील गोयल और उसके बेटे संजय गोयल को सीधे तौर पर अपने बेटे की मौत का जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि फैक्टरी मालिक का बेटा संजय गोयल खुद पैसों को इधर-उधर करता था। वह सुदेश से कहता था कि फर्म के पैसे अपने किसी जानकार के खाते में डलवा लिया करो। पिता का आरोप है कि जब यह रकम बढ़कर करीब 12 लाख रुपये तक पहुंच गई, तो मालिक और उसके बेटे ने सारा ठीकरा सुदेश के सिर पर फोड़ना शुरू कर दिया। दोनों पिता-पुत्र सुदेश पर लगातार 12 लाख रुपये की भरपाई करने का दबाव बना रहे थे और उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां देकर मानसिक रूप से तोड़ चुके थे। इसी असहनीय मानसिक दबाव और जिल्लत के चलते सुदेश ने आत्महत्या जैसा घातक कदम उठा लिया।
परिवार का इकलौता सहारा था सुदेश, 16 साल की बेटी के सिर से उठा साया
रोते-बिलखते बुजुर्ग पिता ने बताया कि उनकी उम्र 70 वर्ष हो चुकी है और पूरा परिवार सुदेश की कमाई पर ही निर्भर था। सुदेश अपने पीछे पत्नी और एक 16 वर्षीय बेटी छोड़ गया है। घर के कमाने वाले इकलौते सदस्य की मौत के बाद परिवार पूरी तरह बिखर गया है और उन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
सुनील गोयल और संजय गोयल पर BNS 108 के तहत FIR दर्ज
थाना सलेम टाबरी पुलिस ने मृतक के पिता अजीत कुमार भाटिया के बयानों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए फैक्टरी मालिक सुनील गोयल और उसके बेटे संजय गोयल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस आरोपियों के वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों और संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है। नामजद पिता-पुत्र की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा दबिश दी जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

