सेंट्रल जेल की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल, 3 हवालातियों से नशीला पदार्थ बरामद
punjabkesari.in Saturday, Oct 31, 2026 - 10:55 AM (IST)
लुधियाना(स्याल): ताजपुर रोड स्थित सेंट्रल जेल में बंदियों से नशीले पदार्थ मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाई सिक्योरिटी का दावा करने वाली जेल में लगातार प्रतिबंधित सामग्री बरामद होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जेल के भीतर नशीले पदार्थ पहुंचने से जेल प्रशासन की निगरानी और सुरक्षा प्रबंधों पर भी सवाल उठने लगे हैं।
इसी कड़ी में जेल प्रशासन ने तीन हवालातियों से नशीला पदार्थ बरामद किया है। इस संबंध में सहायक सुपरिंटेंडेंट जसप्रीत सिंह की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और प्रिजन एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी देवेंद्र पाल ने बताया कि आरोपियों की पहचान गणेश यादव, सुरेंद्र कुमार और आकाशदीप सिंह के रूप में हुई है। तीनों के कब्जे से कुल 34.1 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि जेल के भीतर प्रतिबंधित पदार्थ कैसे पहुंचा।

