5 करोड़ दो, वरना परिवार को गोलियों से भून देंगे... लुधियाना के कारोबारी को गैंगस्टर के नाम से धमकी

punjabkesari.in Friday, Oct 30, 2026 - 08:25 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर के प्रमुख उद्योगपतियों और कारोबारियों पर फिरौती और रंगदारी के लिए गैंगस्टर नेटवर्क के साए ने एक बार फिर दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पॉश बाड़ेवाल रोड निवासी कारोबारी वरुण बग्गा को कुख्यात अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर विदेशी नंबर से वॉट्सऐप कॉल कर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रकम न देने पर कारोबारी और उनके परिवार को गोलियों से भूनने की सीधी धमकी दी गई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस के थाना सराभा नगर ने कार्रवाई करते हुए अज्ञात/रोहित गोदारा के खिलाफ केस दर्ज कर ली है।

विदेशी नंबर से दो बार आया कॉल, 5 करोड़ न देने पर दी मौत की धमकी
थाना सराभा नगर पुलिस को दी औपचारिक शिकायत में बाड़ेवाल निवासी वरुण बग्गा ने बताया कि 15 अक्टूबर 2026 को सबसे पहले उनके वॉट्सऐप नंबर पर पुर्तगाल के कंट्री कोड वाले विदेशी मोबाइल नंबर (+351924715342) से कॉल आई थी। उस समय किसी व्यस्तता के चलते उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद 23 अक्टूबर की शाम करीब 5:29 बजे उसी विदेशी नंबर से उनके वॉट्सऐप पर दोबारा कॉल आई। जब वरुण बग्गा ने फोन उठाया तो सामने से बात कर रहे शख्स ने खुद की पहचान कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा के रूप में करवाई। कॉलर ने बेहद आक्रामक लहजे में कहा कि अगर जिंदा रहना है तो 5 करोड़ रुपये की रंगदारी का तुरंत इंतजाम करे। रकम देने से इनकार करने पर उसने कारोबारी को जान से मारने की सीधी धमकी दी और कॉल काट दी।

दहशत में व्यापारी परिवार, पुलिस प्रशासन से मांगी पुख्ता सुरक्षा
अचानक 5 करोड़ रुपये की फिरौती और नामी गैंगस्टर के नाम से मिली इस खुली धमकी के बाद कारोबारी वरुण बग्गा और उनका परिवार गहरे खौफ में आ गया है। पीड़ित कारोबारी ने तुरंत मामले से पुलिस के उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया और लिखित शिकायत दर्ज करवाई। कारोबारी ने कमिश्नरेट पुलिस से गुहार लगाई है कि उनकी जान-माल को गंभीर खतरा है, इसलिए परिवार को तत्काल प्रभाव से 24 घंटे सुरक्षा मुहैया करवाई जाए और धमकी देने वाले सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया जाए।

फर्जी पासपोर्ट से फरार हुआ था 32 मुकदमों का आरोपी रोहित गोदारा
धमकी देने वाले के रूप में जिस रोहित गोदारा का नाम सामने आया है, वह मूल रूप से राजस्थान के बीकानेर जिले के लूणकरणसर क्षेत्र के कपूरीसर गांव का रहने वाला है और लॉरेंस बिश्नोई सिंडिकेट का मुख्य विदेशी हैंडलर माना जाता है।रोहित गोदारा पर बीकानेर सदर थाने में पहला केस 7 अप्रैल 2010 को दर्ज हुआ था। वर्तमान में उस पर हत्या, जानलेवा हमले, रंगदारी और डकैती के 32 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड की साजिश, राजस्थान में गैंगस्टर राजू ठेहट की हत्या और राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड में गोदारा का नाम मुख्य साजिशकर्ता के तौर पर सामने आ चुका है। गोदारा 13 जून 2022 को दिल्ली से फरार हो गया था। उसने कोलकाता के पते पर 'पवन कुमार' के नाम से फर्जी पासपोर्ट तैयार करवाया और नेपाल के रास्ते दुबई भाग गया था। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, उसकी लगातार लोकेशन कनाडा और अजरबैजान में ट्रेस होती रही हैं।

थाना सराभा नगर में BNS की धारा 308(4) के तहत केस दर्ज, साइबर सेल एक्टिव
कारोबारी वरुण बग्गा की शिकायत पर थाना सराभा नगर में BNS की धारा 308(4) के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की विशेष टीमें और साइबर क्राइम सेल अब इस विदेशी वर्चुअल नंबर (+351924715342) के आईपी एड्रेस और रूट को ट्रेस करने में जुट गई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच का मुख्य बिंदु यह पता लगाना है कि यह कॉल वास्तव में विदेश में बैठे रोहित गोदारा या उसके गिरोह के गुर्गों द्वारा की गई थी, या फिर किसी स्थानीय आपराधिक तत्व ने कारोबारी को डराकर 5 करोड़ ऐंठने के मकसद से गैंगस्टर के नाम का सहारा लिया है। पुलिस ने पीड़ित परिवार की सुरक्षा की समीक्षा कर जरूरी कदम उठाने का आश्वासन दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News