लुधियाना में Thar सवार युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 12-15 गोलियों की आवाज से दहला इलाका

punjabkesari.in Tuesday, Nov 03, 2026 - 09:59 AM (IST)

लुधियाना(राज): महानगर में बेखौफ बदमाशों द्वारा खुलेआम फायरिंग और खूनी वारदातों को अंजाम देने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए थाना डिवीजन नंबर 3 के अंतर्गत आते श्रृंगार सिनेमा रोड स्थित हरचरण नगर में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अपने जन्मदिन की पार्टी के बाद दोस्त को छोड़कर घर लौट रहे एक थार सवार युवक पर डेढ़ दर्जन से अधिक हथियारबंद युवकों ने सुनियोजित तरीके से घात लगाकर हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले तेजधार हथियारों से थार पर हमला बोला और फिर युवक को जान से मारने की नीयत से उस पर करीब 12 से 15 राउंड ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गनीमत रही कि पीड़ित गाड़ी से बाहर नहीं निकला और फटे टायरों के सहारे ही किसी तरह गाड़ी भगाकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहा।

जन्मदिन मनाकर दोस्त को छोड़ने गया था, महिला मित्र के बुलावे पर पहुंचा था गली में
हैबोवाल निवासी पीड़ित दिव्यांश बग्गा ने घटना का ब्योरा देते हुए बताया कि सोमवार को उसका जन्मदिन था। दिन में जन्मदिन मनाने के बाद देर रात वह अपने एक दोस्त को कार में छोड़कर वापस अपने घर हैबोवाल लौट रहा था। जब वह श्रृंगार सिनेमा रोड के आसपास था, तभी उसकी एक महिला मित्र का फोन आया। उसने कहा कि वह उसके घर की गली की तरफ से होते हुए निकल जाए। जैसे ही अपनी महिंद्रा थार लेकर हरचरण नगर स्थित उक्त गली में दाखिल हुआ, वहां पहले से घात लगाकर बैठे कुछ युवकों ने उसकी गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया।

घात लगाकर बैठे थे लड़की का भाई और उसके साथी, 12 से 15 राउंड फायरिंग
पीड़ित का आरोप है कि गली में लड़की का भाई अपने दोस्तों और परिवार के कुछ सदस्यों के साथ पहले से ही हथियार लेकर 'ट्रैप' लगाकर खड़ा हुआ था। गाड़ी रुकते ही हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए तेजधार हथियारों से थार की खिड़कियों और शीशों पर जोरदार प्रहार करने शुरू कर दिए। स्थिति को भांपते हुए दिव्यांश ने गाड़ी से बाहर निकलने के बजाय एक्सीलेटर दबा दिया और गाड़ी भगाने की कोशिश की। खुद को बचकर निकलता देख हमलावरों ने अपनी पिस्तौलों से सीधे उस पर 12 से 15 राउंड अंधाधुंध गोलियां चला दीं।

गोलियों से फटे टायर, जान जोखिम में डालकर हैबोवाल पहुंचा युवक
हमलावरों द्वारा चलाई गई गोलियां थार की बॉडी और पहियों में लगीं, जिससे गाड़ी के टायर मौके पर ही फट गए। गोलियों की गूंज और फटे टायरों के बावजूद दिव्यांश ने हिम्मत नहीं हारी और गाड़ी को लगातार दौड़ाए रखा। हमलावरों ने हथियारों सहित काफी दूर तक उसकी गाड़ी का पीछा भी किया, लेकिन दिव्यांश फटे टायरों के रिम के सहारे ही गाड़ी को खींचते हुए सुरक्षित अपने घर हैबोवाल ले जाने में सफल रहा। घर पहुंचते ही परिजनों ने राहत की सांस ली और तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम (112) पर वारदात की जानकारी दी।

थाना डिवीजन नंबर 3 की पुलिस मौके पर, CCTV खंगालने में जुटी
सरेआम रिहायशी इलाके में दर्जनों राउंड फायरिंग की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 3 की पुलिस पार्टी तुरंत हरकत में आ गई और घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त थार को भी कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए मार्क किया है। जांच अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक दृष्टि में मामला प्रेम-प्रसंग और आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों और उनके द्वारा इस्तेमाल किए गए हथियारों व वाहनों की पहचान की जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News