दोस्त की रंजिश में पुलिसकर्मी ने AK-47 से दागीं गोलियां, दहला शहर का यह इलाका!

punjabkesari.in Sunday, Nov 01, 2026 - 09:01 PM (IST)

लुधियाना (राज) : काकोवाल रोड स्थित गगनदीप कॉलोनी में शनिवार देर रात उस समय भारी दहशत फैल गई, जब एक पुलिसकर्मी ने अपने दोस्त के निजी विवाद में कानून की धज्जियां उड़ाते हुए अपनी सर्विस ए.के.-47 राइफल से सरेआम हवा में 4 गोलियां दाग दीं। गनीमत यह रही कि इस अंधाधुंध हवाई फायरिंग में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और गोली किसी राहगीर को नहीं लगी। आरोपी पुलिसकर्मी एक स्थानीय एक्टिविस्ट के साथ बतौर सरकारी गनमैन तैनात है। पीड़ित की शिकायत पर थाना जोधेवाल पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल और उसके दोस्त के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, कांस्टेबल की पहचान लवप्रीत सिंह के रूप में हुई है। शनिवार देर रात लवप्रीत सिंह अपने दोस्त वरुण कुमार के साथ गगनदीप कॉलोनी पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वरुण कुमार का कॉलोनी के ही रहने वाले राज कुमार के साथ किसी बात को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों और शिकायतकर्ता के मुताबिक, दोनों आरोपी कथित तौर पर शराब के नशे में पूरी तरह धुत थे और आधी रात को राज कुमार के घर के बाहर पहुंचकर सीधे उससे उलझ गए। घर के बाहर दोनों पक्षों के बीच देखते ही देखते तीखी बहस शुरू हो गई और गाली-गलौज होने लगी। विवाद इस कदर बढ़ गया कि कांस्टेबल लवप्रीत सिंह ने आपा खो दिया। वह तेजी से अपनी कार की तरफ गया और उसमें रखी सरकारी ए.के.-47 असाल्ट राइफल निकाल लाया। इलाके में दहशत फैलाने की नीयत से उसने राइफल तानकर हवा में एक के बाद एक 4 राउंड फायर झोंक दिए। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरी कॉलोनी दहल उठी और लोग घरों में दुबक गए। फायरिंग करने के बाद आरोपी पुलिसकर्मी ने राज कुमार को जान से मारने की सीधी धमकियां दीं और अपने दोस्त वरुण के साथ गाड़ी में सवार होकर मौके से फरार हो गया। 

रविवार सुबह पीडि़त राज कुमार ने थाना जोधेवाल पहुंचकर पुलिस को पूरी आपबीती बताई और लिखित शिकायत दर्ज करवाई। मामले की पुष्टि करते हुए ए.डी.सी.पी. (ऑपरेशन) संदीप वढेरा ने बताया कि किसी भी पुलिसकर्मी को अपने सरकारी पद और हथियारों का दुरुपयोग करने की इजाजत नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी लवप्रीत सिंह के खिलाफ सख्त विभागीय जांच (डिपार्टमेंटल एक्शन) भी शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News