शादी की खुशियां खूनी रंजिश में बदलीं: निकाह के चंद घंटे बाद दूल्हे के भाई ने ससुराल में बोला धावा, ताबड़तोड़ फायरिंग व पथराव
punjabkesari.in Monday, Nov 02, 2026 - 09:41 AM (IST)
लुधियाना, (राज): ताजपुर रोड स्थित न्यू सरपंच कॉलोनी में शादी के कुछ ही घंटों बाद दूल्हे के छोटे भाई द्वारा ससुराल पक्ष के घर पर साथियों संग मिलकर खूनी तांडव मचाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिन में डीजे पर नाचने के दौरान दुल्हन के मामा से हुई मामूली कहासुनी की रंजिश पालकर दूल्हे का छोटा भाई देर रात 20 से 25 हथियारबंद गुंडों के साथ ससुराल जा धमका। हमलावरों ने घर को घेरकर अंधाधुंध पथराव किया, तोड़फोड़ की और ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। इस हमले में दुल्हन के पिता घायल हो गए, जबकि घर के बाहर खड़े वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही थाना मेहरबान पुलिस ने मौके से .30 बोर के 12 खाली कारतूस बरामद कर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
थाना मेहरबान की पुलिस को दी शिकायत में न्यू सरपंच कॉलोनी निवासी मोहम्मद अनवर ने बताया कि शनिवार सुबह उनकी बेटी का निकाह हुआ था। दोपहर के समय घर के बाहर डीजे बज रहा था और बाराती नाच रहे थे। इसी दौरान दूल्हे के छोटे भाई समीर और दुल्हन के मामा के बीच किसी बात को लेकर तीखी तकरार हो गई। विवाद को बढ़ता देख मोहम्मद अनवर और अन्य रिश्तेदारों ने तुरंत बीच-बचाव किया और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत करवा दिया। इसके बाद निकाह की बाकी तमाम रस्में हंसी-खुशी संपन्न हुईं और शाम करीब 6:00 बजे बेटी की डोली ससुराल के लिए शांतिपूर्वक विदा कर दी गई। पीड़ित पिता के अनुसार, उन्हें अंदेशा भी नहीं था कि समीर के दिल में रंजिश की आग धधक रही है। रात करीब 11:30 बजे समीर अपने दोस्त लोट्टा और 20 से 25 अन्य अज्ञात युवकों को साथ लेकर हथियारों से लैस होकर उनके घर के बाहर आ धमका। आरोपियों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और घर पर ईंट-पत्थर बरसाने लगे। जब मोहम्मद अनवर ने बाहर निकलकर उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो हमलावरों ने उनके साथ जमकर मारपीट की, जिससे वह चोटिल हो गए।
इसके बाद बदमाशों ने बाहर खड़ी दो एक्टिवा स्कूटियों में जमकर तोड़फोड़ की और उन्हें बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। मोहम्मद अनवर का आरोप है कि हमलावरों ने दहशत फैलाने की नीयत से उनके घर और मुख्य दरवाजे को निशाना बनाकर करीब 30 से 35 राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग की। गनीमत रही कि गोली किसी परिजन को नहीं लगी और बड़ा जानी नुकसान होने से टल गया। यह पूरी खूनी वारदात घर के बाहर लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों में कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही थाना मेहरबान के एसएचओ इंस्पेक्टर जगदीप सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए जमीन पर बिखरे .30 बोर के हथियारों के 12 खाली खोल बरामद किए हैं। फॉरेंसिक टीम यह जांचने में जुटी है कि फायरिंग में इस्तेमाल किया गया हथियार लाइसेंसी था या अवैध। वारदात के बाद पीड़ित परिवार गहरे खौफ में है। परिवार ने पुलिस प्रशासन से ससुराल पहुंच चुकी नवविवाहित बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दरिंदगी पर उतरे आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। एसएचओ इंस्पेक्टर जगदीप सिंह ने बताया कि मोहम्मद अनवर की शिकायत पर मुख्य आरोपी समीर, उसके साथी लोट्टा और अन्य अज्ञात हमलावरों के खिलाफ जानलेवा हमला, तोड़फोड़ और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सी.सी.टी.वी. फुटेज के जरिए बाकी आरोपियों के चेहरे और पहचान ट्रेस कर रही है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।

