यूपी गए परिवार के घर चोरों ने बोला धावा, लाखों के जेवर, कैश व एप्पल टैब चोरी

punjabkesari.in Thursday, Oct 29, 2026 - 11:51 AM (IST)

लुधियाना (राज): घर बंद कर बाहर जाने वाले परिवारों को शातिर चोर लगातार अपना निशाना बना रहे हैं। ऐसा ही एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां परिवार के उत्तर प्रदेश जाने के बाद पीछे से अज्ञात चोरों ने सूने मकान में सेंध लगाकर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने, सवा दो लाख के करीब नकदी और एप्पल कंपनी का कीमती टैबलेट चोरी कर लिया। 26 अक्तूबर को जब परिवार वापस लौटा, तो घर का मंजर देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। सरोज देवी के बयानों पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि वह और उनका बेटा दलीप कुमार बीते 7 अक्तूबर  को किसी जरूरी काम के सिलसिले में बलिया (उत्तर प्रदेश) गए हुए थे। घर पर ताला लगा हुआ था। करीब 20 दिन बाद जब वे 26 अक्तूबर को वापस अपने घर पहुंचे, तो देखा कि घर के ताले टूटे हुए थे और अंदर सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था। घर के अंदर जाकर जब जांच की गई तो पता चला कि अज्ञात चोरों ने अलमारी और लॉकरों के ताले तोड़कर उसमें रखी तमाम कीमती चीजें साफ कर दी थीं। चोर घर से निम्नलिखित सामान चुराकर ले गए, जिसमें 1 सोने का मांग टीका, 1 मंगलसूत्र, 2 नथ, 5 नाक के कोके (लौंग) और 2 सोने के लॉकेट,  3 चांदी की चेन, 2 चांदी के लॉकेट, 2 जोड़ी पायल (झांझरें) और 1 चांदी का सिक्का, कमरे में रखे 2 लाख रुपये नकद, अलमारी के लॉकर में रखे 12,500 रुपये कैश (कुल 2,12,500 रुपये) और अलमारी में रखा एप्पल (Apple) कंपनी का महंगा टैब शामिल है।

चोरी की इतनी बड़ी वारदात का पता चलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़ित परिवार ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स के साथ मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। इलाके और आसपास की गलियों में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि 7 से 26 अक्तूबर के बीच इलाके में घूमे संदिग्ध व्यक्तियों की शिनाख्त कर चोरों को बेनकाब किया जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News