पार्षद की मां से 15 साल तक ठगी! झांसे में लेकर हड़पे लाखों... हैरान करेगा मामला
punjabkesari.in Monday, Oct 26, 2026 - 01:33 PM (IST)
लुधियाना (तरुण): पोस्ट ऑफिस में पीड़िता के 3 अकाउंट में प्रति महीने रुपए जमा करवाने का झांसा देकर एक आरोपी ने बुजुर्ग महिला से करीब 30 लाख रुपए ठग लिए। पीड़िता बुजुर्ग महिला कुलवंत कौर वार्ड न 86 के मौजुदा पार्षद मंजीत सिंह ढिल्लो की माताजी है। धोखेबाज आरोपी की पहचान रोशन लाल कालड़ा निवासी लक्की इंक्लैव बस्ती चौंक के रुप में हुई है।
पीड़ित बुजुर्ग महिला कुलवंत कौर ने बताया कि 1998 में आरोपी रोशन लाल ने डाकखाने में आरडी अकाउंट खोलने की बात कही। 3 आरडी अकाउंट में रुपए जमा करवाने के नाम पर आरोपी रोशन लाल 1998 से 2012 तक प्रति महीना 3 से 5 हजार रुपए नगदी लेकर जाता रहा। इन 15 सालों में उनके 3 आरडी अताउंट 3 बार मैच्योर हुए। परंतु आरोपी रोशन लाल उन्हें गुमराह करता रहा। हर बार 5 वर्ष बाद आरडी मैच्योर होने वाली रकम का अन्य आरडी खोलने की बात करता रहा।
2025 में जब उसने रोशन लाल कालड़ा से डाकखाने के आरडी अकाउंट में जमा राशि को निकलवाने की बात कही तो आरोपी आनाकानी करने लगा। शक होने पर जब डाकखाने जाकर संपर्क किया तो पता चला कि उनके नाम पर डाकखाने में कोई आरडी अकाउंट खुला ही नहीं है। आरोपी डाकखाने के जाली कार्ड दिखा कर उन्हें गुमराह करता रहा। 1998 से लेकर 2012 तक आरोपी रोशन लाल ने उन्हें जमकर बेवकूफ बनाया। आरोपी ने उससे लिए लाखों रुपए बड़े आसानी से हड़प लिए और उसे सालों तक भनक भी नहीं लगी। आरोपी ने उसे आर्थिक ही नही मानसिक रुप से भी काफी चोट पहुंचाई है।
इस संबधी जांच अधिकारी तरसेम सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला कुलवंत कौर निवासी न्यू शिवपुरी के बयान पर आरोपी रोशन लाल कालड़ा के खिलाफ साजिश व धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

