Ludhiana में 14 साल की नाबालिगा से दरिंदगी, डरा धमकाकर की हद पार...
punjabkesari.in Tuesday, Oct 13, 2026 - 11:22 AM (IST)
लुधियाना(राज): 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने और बाद में उसे लगातार ब्लैकमेल कर देह शोषण करने के आरोप में थाना हैबोवाल की पुलिस ने भावेश कुमार नामक युवक के खिलाफ संगीन आपराधिक धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस को दर्ज करवाए गए आधिकारिक बयानों में पीड़िता की मां ने बताया कि उसकी 14 साल की नाबालिग बेटी पिछले एक हफ्ते से बेहद डरी और घबराई हुई रह रही थी। बेटी का असामान्य व्यवहार और उदासी देखकर जब मां ने उससे प्यार से पूछताछ की, तो पीड़िता फफक-फफक कर रो पड़ी और उसने अपने साथ हो रही दरिंदगी की पूरी दास्तान सुनाई। पीड़िता ने बताया कि करीब 4-5 महीने पहले उसकी जान-पहचान भावेश कुमार नामक लड़के से हुई थी। इसके बाद वह घर के मोबाइल फोन से उससे कभी-कभार बातचीत करने लगी थी। नाबालिग के अनुसार, गत 28 सितंबर को आरोपी भावेश कुमार ने रात के समय उस पर मिलने के लिए भारी दबाव बनाया। जब परिवार के सदस्य काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे, तो आरोपी के दबाव में आकर पीड़िता ने उसे घर बुला लिया। घर में दाखिल होते ही आरोपी भावेश कुमार ने किशोरी को अकेला पाकर अपनी हवस का शिकार बना डाला और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध स्थापित किए।
पीड़िता ने अपनी मां को बताया कि 28 सितंबर की वारदात के बाद आरोपी की नीयत और खराब हो गई। वह पीड़िता को बदनाम करने और जान से मारने की धमकियां देकर लगातार ब्लैकमेल करने लगा। ब्लैकमेलिंग के जाल में फंसाकर आरोपी ने उसके साथ कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं, आरोपी भावेश कुमार उस पर रोजाना मिलने के लिए दबाव डालता था और बात न मानने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां देकर उसे बुरी तरह मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। मासूम बेटी की आपबीती सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई, जिसके बाद उन्होंने बिना देरी किए मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता और उसकी मां के बयानों के आधार पर आरोपी भावेश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच अधिकारी का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

